महाराष्ट्र में एनसीपी में विलय की अटकलों के बीच शिवसेना को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाली शिवसेना ने कहा है कि शिवसेना (उद्धव बालासाहब ठाकरे) का विलय हो सकता है, हालांकि पार्टी ने एक शर्त भी रखी है। साल 2022 में शिवसेना में टूट के बाद दल का नाम और चुनाव चिह्न एकनाथ शिंदे गुट को मिला था।

केंद्रीय मंत्री प्रताप जाधव ने प्रस्ताव रखा है कि शिवसेना यूबीटी उनके साथ शामिल हो सकती है। उन्होंने शर्त रखते हुए कहा कि अगर दूसरे समूह के लोग बालासाहब ठाकरे के आदर्शों को मानते हैं, तो उनका स्वागत है। शिंदे गुट आरोप लगाता रहा है कि उद्धव समूह बालासाहब की नीतियों से दूर हो गया है। उद्धव ठाकरे की पार्टी की ओर से इस प्रस्ताव पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

शिवसेना नेता चंद्रकांत रघुवंशी ने कहा कि अगर उद्धव ठाकरे और एकनाथ शिंदे साथ आते हैं, तो वो असली दिवाली होगी। सांसद ओमराज निम्बालकर ने कहा कि दोनों सेनाओं के साथ आने से आम आदमी को फायदा होगा।

इस बीच शिवसेना यूबीटी एनसीपी विलय की अटकलों पर शरद पवार का जिक्र कर रही है। पार्टी नेता संजय राउत ने कहा कि इससे पवार की छवि को नुकसान होगा। उन्होंने कहा कि शरद पवार और उनकी पार्टी महा विकास आघाडी और इंडी गठबंधन का हिस्सा हैं और अफवाहें इस वरिष्ठ नेता की छवि को नुकसान पहुंचाती हैं। एनसीपी विलय पर अभी स्थिति साफ नहीं है। सुप्रिया सुले ऐसे किसी प्रस्ताव से इनकार कर रही हैं, जबकि छगन भुजबल ने कहा कि यह किसी गुप्त बैठक की बजाय एक सामूहिक प्रयास होना चाहिए।