भारतीय टी20 टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के सुपर लीग स्टेज में खेलते नजर आएंगे। वह मुंबई के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं। सुपर लीग के मुकाबले 30 नवंबर से नागपुर में शुरू होंगे। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली मुंबई ने ग्रुप डी में सात में से छह मैच जीते और अंक तालिका में पहले स्थान पर रहते हुए सुपर लीग में जगह बनाई। विदर्भ ने भी इसी ग्रुप से क्वालिफाई किया है।
अय्यर के खेलने के बाद भी मुंबई की कप्तानी सूर्यकुमार यादव के हाथों में ही रहेगी। सूर्या को हटाकर ही अय्यर को भारतीय टी20 टीम की कप्तानी मिली है। अय्यर न्यूजीलैंड दौरे के व्हाइट-बॉल मुकाबलों के बाद पहली बार मैदान पर उतरेंगे। उनकी कप्तानी में भारत ने टी20 सीरीज जीती थी। शुभमन गिल की गैरमौजूदगी में उन्होंने आखिरी दो वनडे में भी टीम की कप्तानी की थी और भारत ने आखिरी मैच जीतकर वनडे सीरीज अपने नाम की थी।
अय्यर के आने से मुंबई की पहले से मजबूत बल्लेबाजी और बेहतर होगी। टीम में अंगकृष रघुवंशी, मुशीर खान, सरफराज खान, सूर्यकुमार यादव और शिवम दुबे जैसे बल्लेबाज भी हैं। अय्यर पिछले कुछ दिनों से सीसीआई में अभ्यास कर रहे थे और रविवार को बाकी टीम के साथ नागपुर के लिए रवाना होंगे। मुंबई को अभी तक टूर्नामेंट में एक भी हार नहीं मिली है।
दो बार की सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी चैंपियन मुंबई को सुपर लीग के ग्रुप बी में आंध्रा, पंजाब और राजस्थान के साथ रखा गया है। टीम अपना पहला मैच 30 नवंबर को आंध्र के खिलाफ खेलेगी। इसके बाद 2 दिसंबर को पंजाब और 4 दिसंबर को राजस्थान से मुकाबला होगा। सुपर लीग स्टेज में दो ग्रुप हैं। दूसरे ग्रुप में दिल्ली, केरल, बड़ौदा और विदर्भ की टीम है। दोनों ग्रुप की टॉप टीमों के बीच 6 दिसंबर को फाइनल खेला जाएगा।
