सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को मद्रास हाई कोर्ट के फैसले को पलटते हुए तलाकशुदा दंपती के दो नाबालिग बेटों की अभिरक्षा उनकी मां को सौंप दी। जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस अपरेश कुमार सिंह की पीठ ने कहा कि अभिभावक की नियुक्ति के समय नाबालिग की भलाई सर्वोपरि होती है और बच्चे माता-पिता की संपत्ति या खिलौने नहीं हैं। पीठ ने कहा कि अदालत को नाबालिग की उम्र, लिंग और धर्म के साथ-साथ प्रस्तावित अभिभावक के चरित्र और क्षमता पर भी ध्यान देना होता है।
अदालत 16 और 14 वर्ष के दो लड़कों की मां की अपील पर सुनवाई कर रही थी। दोनों लड़कों का जन्म जुलाई 2010 और मई 2012 में मदुरै में हुआ था। दंपती 2014 से अलग रह रहे थे और 2018 में उनका विवाह-विच्छेद हो गया था। महिला ने मद्रास हाई कोर्ट के अक्टूबर 2024 के उस आदेश को चुनौती दी थी, जिसमें लड़कों की अभिरक्षा पिता को देने के पारिवारिक अदालत के आदेश को बरकरार रखा गया था।
शीर्ष अदालत ने कहा कि दोनों लड़के मई 2014 से लगातार अपनी मां के साथ रह रहे हैं और उन्होंने मां के साथ रहने की इच्छा जताई है। पीठ ने कहा कि तलाक के बाद भी मां ने अकेले बच्चों की परवरिश की है और अच्छे स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित कर उनकी पढ़ाई का ध्यान रख रही हैं। अदालत ने कहा कि बच्चों को उनकी मां से अलग नहीं किया जाना चाहिए, जिनके साथ वर्षों में उनका स्वाभाविक और मजबूत जुड़ाव हो गया है।
पीठ ने यह भी कहा कि बच्चों को पिता के प्यार और स्नेह से वंचित नहीं किया जाना चाहिए, क्योंकि यह उनके उचित और संतुलित विकास के लिए आवश्यक है। पिता को हर महीने के दूसरे शनिवार और रविवार को सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक बच्चों से मिलने की अनुमति दी गई है। अदालत ने कहा कि मां के मांगने पर पिता को बच्चों के भविष्य के शैक्षणिक खर्च में हिस्सा देने के लिए तैयार रहना चाहिए। पीठ ने कहा कि जब माता-पिता के परस्पर विरोधी दावे आते हैं, तो मामले को केवल कानूनी नजरिये से नहीं देखना चाहिए, क्योंकि ऐसे मामलों में मानवीय पहलू भी प्रासंगिक होते हैं।
