सोशल मीडिया पर सुरेश कुमार के नाम से वीडियो बनाने वाले 58 वर्षीय सुरेश अंकल का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह आज की जनरेशन को अपने अनुभव के आधार पर तीन गलतियां न करने की सलाह दे रहे हैं। इस वीडियो को अब तक 7 लाख 89 हजार से अधिक लाइक्स और 5 हजार से ज्यादा कमेंट्स मिल चुके हैं।
वीडियो में सुरेश कुमार कहते हैं कि वह अपने 58 साल के अनुभव से ऐसी बात बता रहे हैं, जो शायद किसी ने पहले नहीं बताई हो। पहली सलाह में वह कहते हैं कि दूसरों की दुनिया देखकर अपनी दुनिया को छोटा न समझें, क्योंकि इंस्टाग्राम, फेसबुक और यूट्यूब पर मौजूद हर व्यक्ति अमीर नहीं होता। दूसरी बात में वह सिर्फ पैसे कमाने के पीछे भागने की बजाय स्किल पर ध्यान देने की सलाह देते हैं। उनके मुताबिक, स्किल होने पर पैसा आगे भी कमाया जा सकता है, क्योंकि पैसा आज है तो कल नहीं, लेकिन स्किल रहने पर पैसा फिर कमाया जा सकता है।
तीसरी और आखिरी सलाह में सुरेश कुमार कहते हैं कि माता-पिता की हमेशा इज्जत करनी चाहिए, क्योंकि उन्होंने कष्ट झेलकर बच्चों को यहां तक पहुंचाया है। उनका कहना है कि 7 जन्मों में भी उनका कर्ज नहीं चुकाया जा सकता। महज 48 सेकंड के इस वीडियो के कैप्शन में उन्होंने सिर्फ '3 गलतियां जिनसे बचना चाहिए' लिखा है।
वीडियो पर आए कमेंट्स में यूजर्स सुरेश कुमार की सलाह को सराह रहे हैं। एक यूजर ने उनकी आखिरी बात को शानदार बताया, तो दूसरे ने सलाह के लिए धन्यवाद कहा। एक अन्य यूजर ने लिखा कि उनकी बातों से उनका अनुभव झलकता है, जबकि एक यूजर ने उन्हें सैल्यूट कहा है।
