अमेरिका-चीन आर्थिक और सुरक्षा समीक्षा आयोग की 2026 की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि चीन भारत की बढ़ती अर्थव्यवस्था और सैन्य क्षमता से परेशान है और इसीलिए वह पाकिस्तान का समर्थन करता है। रिपोर्ट के मुताबिक चीन 2020 से 2024 तक पाकिस्तान को 81 फीसदी हथियारों की सप्लाई करता रहा। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि चीन सीधे भारत से युद्ध में नहीं उतरना चाहता, बल्कि पीछे से पाकिस्तान को समर्थन देता है।
रिपोर्ट के अनुसार पहलगाम हमले के बाद भारत द्वारा पाकिस्तान के आतंकियों के खिलाफ चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर के दौरान चीन ने पाकिस्तान का समर्थन किया। कमीशन ने यह भी माना है कि 1962 के युद्ध के बाद से चीन पाकिस्तान को सदाबहार दोस्त बनाए हुए है, और इस दोस्ती का कारण भारत को रोकना है। रिपोर्ट में कहा गया है कि ऑपरेशन सिंदूर के वक्त पाकिस्तान चीनी हथियारों के साथ-साथ चीन के आईटी सिस्टम, संचार उपकरण और डिजिटल सर्विस का भी इस्तेमाल कर रहा था।
रिपोर्ट में यह दावा भी है कि चीन भारत के बारे में जानकारी जुटाने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपनाता रहता है। एक रिपोर्ट में बताया गया था कि पाकिस्तान चीन के सैटलाइट इमेजरी का इस्तेमाल करके भारत की जासूसी करता है, जिस पर चीन की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई थी। वहीं चीन से जुड़े ऑनलाइन प्लैटफॉर्म्स पर राफेल विमानों को लेकर भ्रम फैलाया गया और जे-10 विमानों की तारीफ की गई।
इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी भारत की विकास दर और अर्थव्यवस्था की तारीफ की है। चीन की यात्रा से लौटने के बाद उन्होंने भारत का उदाहरण देते हुए कहा कि अगर उनका रिजर्व बैंक ब्याज दरों को कम करे तो जीडीपी 4 फीसदी से 20 फीसदी तक पहुंच सकती है। उन्होंने भारत की सात फीसदी जीडीपी का उदाहरण दिया। एक रिपोर्ट के मुताबिक भारत अब चीन के मार्केट को सीमित करने की कोशिश कर रहा है और बड़ी मात्रा में जेनेरिक दवाओं का उत्पादन कर रहा है। भारत अमेरिका को 21 फीसदी जेनेरिक दवाइयां निर्यात कर रहा है, जिससे चीन के बाजार पर प्रभाव पड़ा है।
