अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने दिसंबर 2026 के लिए वीजा बुलेटिन जारी कर दिया है, जिसमें अलग-अलग कैटेगरी में भारतीय वर्कर्स को ग्रीन कार्ड के लिए कितना इंतजार करना होगा, यह बताया गया है। भारतीय वर्कर्स की एक कैटेगरी को थोड़ी राहत मिली है, जबकि बाकी कैटेगरी के कामगारों को राहत मिलती नहीं दिख रही है।

बुलेटिन के मुताबिक भारतीय आवेदकों के लिए EB-1 की फाइनल एक्शन डेट 1 फरवरी 2023, EB-2 की 1 नवंबर 2013 और EB-3 की 22 जनवरी 2014 है। EB-3 कैटेगरी की तारीखें बदली हैं, क्योंकि पहले उनकी फाइनल एक्शन डेट 1 जनवरी 2014 थी। यानी इस महीने शुरुआती दो कैटेगरी के लिए फाइनल एक्शन डेट्स में कोई बदलाव नहीं हुआ है।

वीजा बुलेटिन में हर ग्रीन कार्ड कैटेगरी और देश के लिए कट-ऑफ डेट्स होती हैं, जो प्रायोरिटी डेट के जरिए बताती हैं कि वर्कर कतार में कहां है। नौकरी से जुड़े ज्यादातर मामलों में यह वह तारीख होती है जब PERM लेबर सर्टिफिकेशन फाइल किया गया था या I-140 फाइल किया गया था। बुलेटिन की दो अहम तारीखें होती हैं — फाइनल एक्शन डेट, जब ग्रीन कार्ड असल में अप्रूव होता है, और डेट्स फॉर फाइलिंग, जब वर्कर I-485 फॉर्म जमा कर सकता है।

जॉब के आधार पर मिलने वाले ग्रीन कार्ड की तीन प्रमुख कैटेगरी हैं — EB-1 टॉप रिसर्चर्स, एग्जिक्यूटिव और असाधारण योग्यता वाले लोगों के लिए, EB-2 अडवांस्ड डिग्री होल्डर के लिए और EB-3 स्किल वर्कर्स और प्रोफेशनल्स के लिए, जिसमें ज्यादातर H-1B वर्कर्स शामिल होते हैं। चीन की EB-2 तारीख 1 अक्टूबर 2021 है, जो भारत की 1 नवंबर 2013 से लगभग आठ साल आगे है। हर देश को वीजा का सीमित कोटा मिलता है और भारत में आवेदकों की संख्या कोटे से कहीं ज्यादा है, इसलिए इंतजार लंबा होता है।