केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने टैक्स में छूट देकर बड़े कारोबारियों को फायदा पहुंचाया है, जबकि आम लोग स्थिर वेतन और बढ़ती जीवन-यापन लागत से जूझ रहे हैं। विजयन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (FICCI) के शताब्दी सम्मेलन में प्रधानमंत्री की टिप्पणियों को राजनीतिक नौटंकी करार दिया।
विजयन ने कहा कि 12 साल तक कॉरपोरेट टैक्स में कटौती करने और बड़े कारोबारियों को छूट देने के बाद अब प्रधानमंत्री आम लोगों की तरफ से बोलने का दिखावा कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कॉरपोरेट जगत के मुनाफे में लगातार बढ़ोतरी हुई, लेकिन आम लोगों की आय में अपेक्षित वृद्धि नहीं हुई। विजयन ने कहा कि कॉरपोरेट जगत के पक्ष वाला आर्थिक मॉडल बनाने के बाद प्रधानमंत्री उनसे सवाल पूछने का दिखावा करके अपनी जिम्मेदारी से नहीं बच सकते।
विजयन की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब प्रधानमंत्री मोदी ने कॉरपोरेट जगत के नेताओं से सवाल किया था कि सरकार की ओर से टैक्स में छूट और कारोबारी सुधारों के बावजूद उन्होंने अपने कर्मचारियों का वेतन बढ़ाया है या नहीं, और क्या कंपनियों ने नए रोजगार के अवसर पैदा किए हैं।
गुरुवार को FICCI के शताब्दी सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कारोबार को आसान बनाने और टैक्स में राहत देने के लिए अपनी सरकार के प्रयासों का जिक्र किया था। उन्होंने बताया था कि सरकार ने 2014 में 30 प्रतिशत रही मूल कॉरपोरेट टैक्स दर को घटाकर 22 प्रतिशत कर दिया है और 12 लाख रुपये तक की वार्षिक आय पर इनकम टैक्स में छूट दी गई है। प्रधानमंत्री ने भारत की अनुमानित आर्थिक विकास दर लगभग 7 प्रतिशत बताई और कहा कि अक्टूबर में देश का वस्तु निर्यात करीब 50 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया, जो अब तक का सबसे अधिक मासिक आंकड़ा है।