अभिजीत दीपके के पुराने साथी रहे विजेता दहिया ने उत्तर प्रदेश में आगामी चुनावी हलचल पर बड़ा बयान दिया है। सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने वाले दहिया ने सोमवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक रील पोस्ट कर अपनी राय रखी। इसमें उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा और असदुद्दीन ओवैसी का समर्थन किया। गौरतलब है कि विजेता दहिया कभी कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता और पार्टी का बड़ा चेहरा थे। नीट पेपर लीक आंदोलन के दौरान उनकी बर्गर वाली वीडियो को लेकर हुए हंगामे से भी वे चर्चा में रहे थे।
बीते सप्ताह ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के अध्यक्ष और सांसद असदुद्दीन ओवैसी तथा आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष और सांसद चंद्रशेखर आजाद ने हाथ मिलाकर 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' नाम के गठबंधन का ऐलान किया था। चंद्रशेखर आजाद को मोर्चे की ओर से मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया गया है और दोनों पार्टियों ने राज्य की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की है। इस गठबंधन को कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के लिए सीधी चुनौती माना जा रहा है।
विजेता दहिया ने चंद्रशेखर आजाद को भाजपा की B टीम कहे जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस के पास चुनाव लड़ने का लोकतांत्रिक अधिकार है तो कोई और चुनाव लड़े तो वह B टीम कैसे हो जाता है। उन्होंने दिल्ली और बिहार का उदाहरण देते हुए कहा कि कांग्रेस के बारे में कहा गया था कि उसका कोई चांस नहीं, फिर भी उसने चुनाव लड़ा। बिहार में AIMIM के बारे में कहा गया था कि उसे जीतना नहीं है, लेकिन अंत में कांग्रेस ने 6 सीट जीतीं और AIMIM ने 5 सीटें।
दहिया ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद से कई बार सीट शेयरिंग का प्रस्ताव भी रखा गया था, लेकिन तब कोई दल आगे नहीं आया। उन्होंने कांग्रेस और सपा पर हमला बोलते हुए कहा कि ये पार्टियां दलितों और मुस्लिमों को फॉर ग्रांटेड क्यों लेती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और सपा ने मुस्लिमों के लिए आवाज नहीं उठाई, लेकिन उनके वोट पर अपना अधिकार जमाते हैं। दहिया ने कहा कि अगर ये पार्टियां सच में दलितों और मुस्लिमों का वोट चाहती हैं तो उन्हें इनके लिए आवाज उठानी होगी।
