अगले साल विधानसभा चुनाव होने वाले राज्यों में मतदाता सूची के नए आंकड़े सामने आए हैं। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद जारी अंतिम मतदाता सूची की तुलना में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) के तहत जारी ड्राफ्ट रोल में मतदाताओं की संख्या बढ़ी है। पंजाब में मतदाताओं की संख्या में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
उत्तर प्रदेश में अप्रैल में एसआईआर के बाद प्रकाशित अंतिम सूची की तुलना में अब 18 लाख 84 हजार 113 मतदाता बढ़े हैं। नई ड्राफ्ट सूची में 7 करोड़ 38 लाख 58 हजार 510 पुरुष, 6 करोड़ 20 लाख 6 हजार 353 महिलाएं और 4,042 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। इसमें 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 11 लाख 83 हजार 352 मतदाता जोड़े गए हैं। इस तरह मंगलवार को जारी ड्राफ्ट सूची में कुल 13 करोड़ 58 लाख 68 हजार 905 मतदाता दर्ज हैं।
उत्तराखंड में एसआईआर की अंतिम सूची में 71.58 लाख मतदाता थे, जो एसएसआर की एकीकृत प्रारूप सूची में 1.19 लाख (1.66 प्रतिशत) बढ़कर 72.78 लाख हो गए हैं। मणिपुर में 33,737 (1.72 प्रतिशत) की बढ़ोतरी हुई है और संख्या 19.60 लाख से 19.94 लाख हो गई है। गोवा में 31,815 (3.01 प्रतिशत) मतदाता बढ़े हैं, जहां संख्या 10.57 लाख से 10.89 लाख हो गई है। पंजाब में एसआईआर की अंतिम सूची और एसएसआर की प्रारूप सूची में 2.01 करोड़ मतदाता दर्ज हैं, यानी कोई बदलाव नहीं हुआ।
निर्वाचन आयोग ने 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में एसएसआर का आदेश देते समय कहा था कि इनमें से पांच चुनावी राज्यों में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव हो सकते हैं। उत्तर प्रदेश की 403 सदस्यीय विधानसभा का कार्यकाल अगले साल 22 मई को समाप्त होगा, जबकि मणिपुर, गोवा, पंजाब और उत्तराखंड की विधानसभाओं का कार्यकाल मार्च 2027 में अलग-अलग तारीखों पर समाप्त हो रहा है। एसआईआर दो दशक से अधिक समय के अंतराल के बाद कराया गया है, जबकि एसएसआर हर साल होता है। विपक्ष लगातार एसआईआर का विरोध कर रहा है।