भारतीय क्रिकेटर युजवेंद्र चहल शनिवार को बीजेपी में शामिल हो गए। पार्टी में आते ही उन्हें ओबीसी मोर्चे में आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। इस बीच शिवसेना (UBT) नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने उन पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है उन्हें अपना शुगर डैडी मिल गया है। प्रियंका चतुर्वेदी का यह तंज इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि पिछले ही साल चहल का तलाक हो गया था। उनकी शादी 2020 में कोरियोग्राफर और कॉन्टेंट क्रिएटर धनश्री वर्मा से हुई थी, जो पांच साल भी नहीं टिक पाई।

बीजेपी में शामिल होने के बाद युजवेंद्र चहल ने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स पर कहा कि भाजपा परिवार में उन्हें स्थान व मान-सम्मान देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरपाल मौर्य का वह हार्दिक आभार प्रकट करते हैं।

युजवेंद्र चहल ने ओबीसी मोर्चे के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद अमरपाल मौर्य से मुलाकात करके बीजेपी की सदस्यता ली। 21 नवंबर को बीजेपी ने टीम की घोषणा करते हुए बताया कि चहल को ओबीसी मोर्चे के पदाधिकारियों में शामिल किया गया है और सूची में उनका नाम शामिल किया गया। इस लिस्ट में निर्भया मामले की वकील सीमा कुशवाहा और ओडिशा के प्रोफेसर अद्वैत चरण गडनायक को भी शामिल किया गया है।

युजवेंद्र चहल फिलहाल टीम इंडिया में नहीं हैं। वह आईपीएल और घरेलू टूर्नमेंट खेल रहे हैं और उन्होंने अभी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास नहीं लिया है। वह हरियाणा की ओर से मुश्ताक अली टी20 टीम में शामिल हैं। इसके अलावा वह पंजाब किंग्स के लिए खेलते हैं।