जरदोजी फारसी भाषा का शब्द है, जो 'जर' यानी सोना और 'दोजी' यानी कढ़ाई से मिलकर बना है। आज कपड़ों पर धातु के तारों, मोतियों और स्टोन्स से की जाने वाली कढ़ाई को जरदोजी कहा जाता है। माना जाता है कि इस कला की शुरुआत फारस में हुई थी, जबकि भारत में इसका इतिहास मुगलों से जुड़ा माना जाता है। कुछ मान्यताओं के अनुसार 13वीं शताब्दी में भारत में ऐसे कारीगर थे जो सोने और चांदी की महीन तारों से कपड़ों पर छोटे मोती और कीमती रत्न जड़ते थे, जिन्हें जरदोज कहा जाता था। कुछ लोग मानते हैं कि यह कला मुगलों के साथ भारत आई और उनके शासन काल में खूब आगे बढ़ी। उनके संरक्षण और कला को बढ़ावा देने की वजह से लखनऊ, आगरा, दिल्ली और भोपाल जैसे शहर जरदोजी कढ़ाई के केंद्र बन गए।

उस दौर में जरदोजी का इस्तेमाल सिर्फ शाही घरानों के कपड़ों, शाही तंबुओं, दीवारों की सजावट और हाथी-घोड़ों पर लगी सीट्स को सजाने के लिए किया जाता था, जिसमें शुद्ध सोने और चांदी की तारों का इस्तेमाल होता था। इसलिए जरदोजी कढ़ाई वाले कपड़े सिर्फ शाही खानदान ही पहनते थे और यह रॉयलटी की पहचान बन गई।

भारतीय जरदोजी की सबसे बड़ी खासियत है कि इसके डिजाइन प्रकृति से प्रेरित होते हैं। फूल-पत्तियों, बेल-बूटों और पशु-पक्षियों तक की आकृतियों को बेहद बारीकी से कपड़ों पर उकेरा जाता है। यह कारीगरी पूरी तरह हाथ से की जाती है और इसमें काफी समय लगता है। सिल्क, ऑर्गेंजा, वेलवेट या साटन के फैब्रिक पर डिजाइन ट्रेस किया जाता है। इसके बाद छोटे-छोटे छेद करके पूरे पैटर्न का फ्रेमवर्क तैयार किया जाता है। फिर कपड़े को एक लकड़ी के चौकोर फ्रेम पर कसकर बांधा जाता है, ताकि कढ़ाई करते समय कपड़ा हिले नहीं। इसके बाद सुई, धातु के तार, मुड़े हुए हुक, सीक्विंस, मोती और नग आदि से कढ़ाई की जाती है।

समय के साथ शुद्ध सोने-चांदी के तारों की बढ़ती कीमतों के कारण तांबे के तारों पर सोने या चांदी की पॉलिश करके इसका इस्तेमाल किया जाने लगा। ब्राइडल लहंगे और अनारकली आदि पर जरदोजी कढ़ाई खूब पसंद की जाती है।