अब आधार कार्ड में दर्ज मोबाइल नंबर को घर बैठे स्मार्टफोन से बदला जा सकता है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने आधिकारिक Aadhaar App में यह सुविधा दी है। इस प्रक्रिया के लिए 75 रुपये का शुल्क देना होगा। आधार सेवा केंद्र जाकर लंबी लाइन में इंतजार करने की जरूरत नहीं है।
आधार में मोबाइल नंबर अपडेट करने के लिए सबसे पहले अपने एंड्रॉयड या आईफोन में आधिकारिक Aadhaar App डाउनलोड करना होगा। ऐप इंस्टॉल करने के बाद आधार नंबर की मदद से लॉगइन करें और बताए गए स्टेप्स फॉलो करें। आधार ऐप पर दी गई जानकारी के मुताबिक, मोबाइल नंबर अपडेट करने की प्रक्रिया में करीब 5 मिनट का समय लग सकता है। हालांकि, आवेदन जमा करने के बाद नया नंबर आधार में अपडेट होने में 15 दिन तक का समय लग सकता है।
यहां एक जरूरी बात ध्यान रखनी चाहिए। अगर आपके पास आधार में पहले से रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर का एक्सेस नहीं है, तो ऐप के जरिए मोबाइल नंबर अपडेट नहीं किया जा सकेगा। UIDAI के नियमों के मुताबिक, ऐसी स्थिति में नजदीकी आधार सेवा केंद्र या अधिकृत आधार अपडेट सेंटर जाना होगा।
