माघ मेला 2026 में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मेला क्षेत्र के सभी सेक्टरों में करीब 450 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिन्हें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक से लैस किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार सॉफ्टवेयर के जरिए इन कैमरों में एआई तकनीक इनबिल्ट की जाएगी, जिससे रियल टाइम अलर्ट मिल सकेगा। इसकी मदद से भीड़ नियंत्रण, संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और किसी दूसरी स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल कार्रवाई में सहूलियत होगी।
मेला क्षेत्र में लगने वाले ये हाईटेक कैमरे कंट्रोल रूम से जोड़े जाएंगे, जहां मौजूद पुलिसकर्मी ऑनलाइन मेले की गतिविधियों पर नजर रखेंगे। भीड़ लगने पर रूट डायवर्ट करने और संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखने पर तत्काल कदम उठाने में भी एआई तकनीक मदद करेगी। मेले के प्रवेश और निकास द्वार पर भी एआई कैमरों की मदद ली जाएगी। संगम क्षेत्र, झूंसी, नागवासुकी, बड़े हनुमान मंदिर और त्रिवेणी रोड पर भीड़ का दबाव अधिक रहने को देखते हुए इन इलाकों पर विशेष जोर दिया गया है।
डीसीपी माघ मेला विवेक चंद्र यादव के अनुसार मेला क्षेत्र में लगने वाले सभी सीसीटीवी को एआई से लैस किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा और क्राउड मैनेजमेंट को बेहतर बनाने में आसानी होगी। कंट्रोल रूम से गतिविधियों की मॉनिटरिंग की जाएगी।
इस बार मेले में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं, स्नानार्थियों, कल्पवासियों और पर्यटकों के आने का अनुमान है। मेला क्षेत्र के विस्तार और श्रद्धालुओं के निजी वाहनों से आगमन को देखते हुए पुलिस अपनी योजना में बदलाव कर रही है। इसके तहत परेड मैदान के साथ अब झूंसी में भी एक ट्रैफिक पुलिस लाइन बनाई जाएगी, जिससे मेला अवधि में श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन को बेहतर बनाने में मदद मिल सकेगी।
