नैनीताल के नयना पीक से ट्रेकिंग के दौरान बीटेक छात्र अर्नव सिंह छह नवंबर से लापता हैं। 20 दिन बीत जाने के बाद भी छात्र का कोई सुराग न लगने से परिवार हताश है। पुलिस, एसडीआरएफ, वन विभाग, फायर, डॉग स्क्वाड और ड्रोन टीमों ने जंगल व गहरी खाइयों में सघन सर्च अभियान चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। बिहार मूल के 19 वर्षीय अर्नव के पिता, तीन दोस्त और अन्य स्वजन पिछले 20 दिनों से कोतवाली के चक्कर काटने को मजबूर हैं।
पुलिस जांच से निराश होकर स्वजन ने घोड़ाखाल स्थित गोल्ज्यू मंदिर और कैंची धाम पहुंचकर अर्नव की सकुशल वापसी की अर्जी लगाई है। पिता पंकज कुमार ने बेटे की सूचना देने वाले को 50 हजार रुपये और उसे सही-सलामत कोतवाली लाने वाले को एक लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। स्वजन अब व्यक्तिगत स्तर पर भी तलाश में जुट गए हैं और रातीघाट, भवाली, कैंची धाम, नैनीताल टैक्सी स्टैंड और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर अर्नव के पोस्टर चस्पा कर खोजबीन कर रहे हैं।
पिता पंकज कुमार ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पुलिस केवल एक ही दिशा में जांच कर रही है। उन्होंने बेटे के गुम होने के दो दिन बाद तक सूचना न देने, गुमशुदगी के बाद लंबे समय तक मांग के बावजूद सिम कार्ड बंद रखने और जांच अधिकारी के अवकाश पर जाने के दौरान केस किसी अन्य अधिकारी को देने जैसे आरोप लगाए। पिता का कहना है कि पुलिस के पास तलाश के लिए कोई दैनिक रोडमैप नहीं है और जांच की रोजाना प्रगति नहीं बताई जाती। 17 नवंबर को उन्होंने जांच में तेजी लाने की मांग को लेकर एसएसपी मंजूनाथ टीसी से मुलाकात की थी, लेकिन उनके निर्देशों के बाद भी जांच में सुधार नहीं आया। उन्होंने ट्रेकिंग मार्ग पर सीसीटीवी कैमरे और साइनेज न होने को लेकर वन विभाग की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं।
एसपी नैनीताल जगदीश चंद्र का कहना है कि छात्र को तलाश करने में पुलिस के प्रयासों में कमी नहीं है। विभागीय ग्रुप और डीसीआरबी द्वारा अन्य जिलों व प्रदेश की पुलिस से संपर्क स्थापित कर छात्र के गुम होने की सूचना प्रसारित की जा रही है।
