शादियों के सीजन में अब प्रिंटेड कार्ड, PDF या वीडियो इनविटेशन की जगह AI की मदद से इंटरैक्टिव डिजिटल वेडिंग कार्ड बनाए जा रहे हैं, जो किसी खूबसूरत वेबसाइट की तरह दिखते हैं। इन्हें बनाने के लिए कोडिंग की जरूरत नहीं होती। एक अच्छे प्रॉम्प्ट और शादी से जुड़ी कुछ डिटेल्स की मदद से ये कार्ड तैयार किए जा सकते हैं। ऐसे कार्ड में मेहमान सिर्फ इन्वाइट नहीं पढ़ते, बल्कि अलग-अलग सेक्शन पर टैप करके शादी के सभी प्रोग्राम की जानकारी भी ले सकते हैं।

AI से बना यह कार्ड एक डिजिटल बुक की तरह दिखता है। इसमें दूल्हा-दुल्हन के नाम, फैमिली की डिटेल्स, शादी की डेट और लाइव काउंटडाउन शो होता है। गेस्ट के लिए कैलेंडर में शादी की डेट सेव करने का ऑप्शन भी मिलता है। इसके अलावा हल्दी, मेहंदी, संगीत, बारात और रिसेप्शन जैसे हर फंक्शन का अलग सेक्शन होता है, जिसमें प्रोग्राम का टाइम, जगह, ड्रेस कोड और थीम कलर की डिटेल दी जाती है। कपल की प्री-वेडिंग फोटो के लिए फोटो गैलरी और वेन्यू तक पहुंचने के लिए गूगल मैप्स का बटन भी मिलता है, जिससे सफर आसान हो जाता है।

ऐसा कार्ड बनाने के लिए Claude AI की मदद लेनी होती है। Claude AI खोलकर अपनी और पार्टनर की कुछ अच्छी तस्वीरें अपलोड करनी होती हैं। इसके बाद एक तय प्रॉम्प्ट को कॉपी करके उसमें अपनी डिटेल्स भरनी होती हैं। इस प्रॉम्प्ट में कपल के नाम, माता-पिता के नाम, शादी की तारीख, फेरों का समय, वेन्यू का पता और गूगल मैप्स लिंक भरने के साथ माता पूजन, हल्दी, मेहंदी, संगीत, बारात, फेरों और रिसेप्शन के अलग-अलग सेक्शन बनाने का जिक्र होता है।

प्रॉम्प्ट में एनिमेटेड ओपनिंग पेज, लाइव वेडिंग काउंटडाउन टाइमर, कैलेंडर में तारीख जोड़ने का ऑप्शन, इंटरैक्टिव इवेंट टाइमलाइन, “Our Story” नाम की फोटो कैरोसेल, क्लिक करने योग्य गूगल मैप्स लोकेशन बटन, भारतीय शादी से प्रेरित एनिमेशन और फूलों की सजावट के साथ दोनों परिवारों का संदेश वाला क्लोजिंग पेज शामिल करने को कहा गया है। इसमें वेबसाइट को मोबाइल फ्रेंडली और हर बटन को काम करने वाला बनाने का निर्देश भी दिया गया है।