पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल ने एक बार फिर गठबंधन किया है। छह साल बाद हुए इस समझौते के तहत दोनों दल मिलकर चुनावी मैदान में उतरेंगे। गृहमंत्री अमित शाह ने अकाली दल के NDA में लौटने की घोषणा की।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। पंजाब की राजनीति में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा बदलाव देखने को मिला है। भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल ने आधिकारिक तौर पर एक बार फिर हाथ मिला लिया है। गृहमंत्री अमित शाह ने अकाली दल के NDA में लौटने की घोषणा की है।

इस गठबंधन की औपचारिक घोषणा के लिए अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल भाजपा कार्यालय पहुंचे, जहां दोनों दलों के शीर्ष नेतृत्व की उपस्थिति में इस राजनीतिक फैसले पर मुहर लगाई गई। इस मौके पर अमित शाह के साथ नितिन नवीन और केवल ढिल्लों सहित अन्य नेता भी मौजूद रहे।

छह वर्ष बाद हुए इस ऐतिहासिक समझौते के तहत दोनों दल 2027 का पंजाब विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगे। सुखबीर बादल की उपस्थिति में गठबंधन की औपचारिक घोषणा हुई है।