मद्रास हाईकोर्ट ने मंगलवार को तमिलनाडु की विजय सरकार को उस वक्त तगड़ी फटकार लगाई जब उसने TVK विधायक सी अरुण विग्नेश पर लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों से निपटने के सरकार के तरीके पर गंभीर सवाल उठाए। अदालत ने यहां तक कहा कि कहीं ऐसा तो नहीं कि सरकार आरोपी को बचाने की कोशिश कर रही है। मामला कल्लाकुरिची की महिला जिला कलेक्टर को अश्लील मैसेज भेजने के आरोपों से जुड़ा है, जो करीब तीन महीने पुराना बताया जा रहा है।

खबर सामने आते ही राज्यभर में बवाल मच गया। डीएमके सांसद कनिमोझी ने मामले पर घोर आपत्ति जताई, जबकि डीएमके और AIADMK ने 12 नवंबर को वरिष्ठ अधिकारियों के पास शिकायतें दर्ज कराईं। विपक्षी दलों के साथ कांग्रेस ने भी जांच की मांग की। आरोपी विधायक ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए इसे राजनीति से प्रेरित बताया है।

इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक, पीड़िता ने सोमवार को जिले के पुलिस अधीक्षक के पास खुद शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद अदालत ने सरकार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए पूछा कि महीनों पहले मामले की जानकारी मिलने के बावजूद कोई कार्रवाई क्यों नहीं की गई। शिकायत से जुड़ी एक याचिका पर सुनवाई करते हुए जस्टिस लक्ष्मीनारायणन ने पूरे मामले की जांच के लिए सरकार को एक कमिटी बनाने का आदेश दिया। अदालत ने 31 जुलाई को मामला सामने आने के बाद की गई कार्रवाई पर भी जवाब मांगा।

हाईकोर्ट ने महिला कलेक्टर की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाए गए कदमों के बारे में भी पूछा और कहा कि यौन उत्पीड़न से सुरक्षा महिला के पद के आधार पर तय नहीं हो सकती। अदालत ने सोशल मीडिया पर पीड़िता की पहचान उजागर होने पर भी नाराजगी जताई। राज्य सरकार ने कहा कि वह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जानकारी शेयर होने से नहीं रोक सकती, लेकिन कोर्ट इस जवाब से संतुष्ट नहीं हुई और कहा कि यह कार्रवाई न करने का बहाना नहीं हो सकता।