समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का बुधवार को गोरखपुर में रोड शो हुआ। एयरपोर्ट से दोपहर करीब 1:30 बजे शुरू हुए इस रोड शो में पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) के कार्यकर्ताओं ने हर 100 से 200 मीटर की दूरी पर उनका स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने हाथों में पार्टी का झंडा और सिर पर लाल टोपी पहन रखी थी। कई जगह कार्यकर्ता घोड़ों के साथ पहुंचे तो कहीं क्रेन और बुलडोजर लेकर स्वागत के लिए खड़े रहे। स्वागत में म्यूजिक सिस्टम, बैंडबाजा और सिंघा भी लाया गया था।

अखिलेश यादव का काफिला जैसे ही आगे बढ़ा, समर्थकों ने फूल बरसाए और नारे लगाकर उनका स्वागत किया। रोड शो के दौरान अखिलेश यादव पीडीए रथ पर सवार थे। वह हर जगह रुके और लिफ्ट से रथ पर चढ़कर कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया। उन्होंने गेट खोलकर कार्यकर्ताओं से हाथ भी मिलाया।

रोड शो एयरपोर्ट से नंदानगर, एम्स, कूड़ाघाट, देवरिया रोड में एम्स गेट, सिंघड़िया, इंजीनियरिंग कॉलेज के पास, रानीडीहा, सूबाबाजार, बाईपास, कुसम्ही जंगल, कड़जहा, मोतीराम अड्डा, गहिरा और देवीपुर से होकर गुजरा। शाम चार बजे अखिलेश यादव कार्यक्रम स्थल चौरी चौरा के देवकही गांव पहुंचे।

रिपोर्ट के अनुसार, अखिलेश यादव के स्वागत के बहाने कुछ नेता ताकत दिखाने में जुटे रहे। उन्होंने स्वागत के लिए अलग जगह चुनी और अपने समर्थकों के साथ वहां अपने नेता का इंतजार किया। अखिलेश यादव ने हर जगह रुककर कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया।