शादी समारोह में हुए विवाद के बाद एक व्यक्ति की हत्या करने के आरोपित आशीष कुमार को सीबीआई और हरियाणा पुलिस ने कजाखस्तान से भारत वापस ला दिया है। आरोपित 23 नवंबर को नई दिल्ली पहुंचा, जहां हरियाणा पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। सीबीआई के अनुसार, यह मामला नवंबर 2025 का है, जब एक शादी समारोह के दौरान मृतक और आरोपित के बीच विवाद हुआ था। समारोह स्थल से अपने वाहन में लौट रहे मृतक की गाड़ी को आरोपित ने अपने साथियों के साथ रास्ते में रोक लिया और उस पर बेरहमी से हमला किया गया। हमले में लगी गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई थी।
हरियाणा पुलिस आरोपित की तलाश कर रही थी। पुलिस के अनुरोध पर सितंबर 2026 में इंटरपोल के माध्यम से उसके खिलाफ रेड नोटिस जारी कराया गया। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तलाश के दौरान कजाखस्तान के अल्माटी स्थित इमिग्रेशन अधिकारियों के माध्यम से आरोपित का पता चला।
इसके बाद सीबीआई ने विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और हरियाणा पुलिस के साथ समन्वय कर आरोपित को भारत वापस लाने की प्रक्रिया पूरी की। सीबीआई भारत में इंटरपोल के राष्ट्रीय केंद्रीय ब्यूरो के रूप में काम करती है और इंटरपोल के माध्यम से देश की विभिन्न जांच एजेंसियों को अंतरराष्ट्रीय पुलिस सहयोग उपलब्ध कराती है।
सीबीआई के मुताबिक, वर्ष 2019 से अब तक इंटरपोल के माध्यम से 300 से अधिक वांछित अपराधियों को भारत वापस लाया जा चुका है। वर्ष 2026 में अब तक 75 फरार आरोपितों की वापसी सुनिश्चित की गई है।
