मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर बीते महीने देशभर में हुए प्रदर्शनों के बीच आइसा अध्यक्ष नेहा बोरा चर्चा में रहीं। इस बीच सीजेपी के सह संयोजक आशुतोष रांका ने नेहा बोरा की तारीफ करते हुए कहा है कि वे किसी से प्रतियोगिता नहीं करने बैठे हैं। रांका वरिष्ठ पत्रकार अजीत अंजुम के साथ एक इंटरव्यू में नजर आए, जहां उनसे पीस बॉन्ड को लेकर सवाल पूछा गया। सवाल यह था कि क्या कॉकरोच जनता पार्टी ने पुलिस की शर्तों के मुताबिक बॉन्ड पर हस्ताक्षर कर कदम पीछे खींच लिए हैं, क्योंकि नेहा बोरा ने ऐसा नहीं किया। इस पर रांका थोड़े नाराज नजर आए।

रांका ने कहा कि वे किसी से प्रतियोगिता नहीं करने बैठे हैं। उन्होंने नेहा बोरा को बहुत ही शानदार व्यक्तित्व और बहुत हिम्मत वाली बताया और कहा कि उन्होंने खुद भी उनसे बहुत कुछ सीखा है। रांका ने कहा कि नेहा बोरा की परिस्थिति और बैकग्राउंड अलग है तथा जिस संगठन से उनका एफिलिएशन है वह भी अलग है। उन्होंने कहा कि सीजेपी अपनी अलग रणनीति से चलती है और तुलना करना सही नहीं होता। रांका ने कहा कि वे एक स्वतंत्र प्रेशर ग्रुप हैं, उनके साथ देश की जनता और युवा हैं और वे उनकी सुनते हैं।

पीस बॉन्ड से जुड़े सवाल पर रांका ने कहा कि ऐसा हरगिज नहीं है कि सीजेपी ने अपने हाथ पैर बांध लिए हैं, क्योंकि पार्टी अब भी कई जगहों पर प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने बताया कि कोच्चि और गोवा में हाल ही में सीजेपी मैदान में उतरी थी और दिवाली की वजह से यह एक बहुत ही सामान्य सा ब्रेक था। उन्होंने कहा कि अब वे फिर से मैदान पर उतरना शुरू हो चुके हैं और दीपके कोच्चि गया था, जहां प्रोटेस्ट SIR के मुद्दे पर ही थी।

दरअसल SIR के खिलाफ बड़े विरोध प्रदर्शन का ऐलान करने के बाद अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरव दास 10 अक्टूबर की सुबह मुंबई से दिल्ली पहुंचे थे, जहां विमान के उतरते ही पुलिस ने तीनों को हिरासत में ले लिया। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, तीनों नेताओं से एक साल तक शांति बनाए रखने और अच्छे व्यवहार के लिए 50 हजार रुपये का मुचलका और शपथ पत्र भरवाया गया, जिसके बाद उन्हें रिहा किया गया। वहीं नेहा बोरा ने 16 अक्टूबर को मंडी हाउस में प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए जाने पर मजिस्ट्रेट के सामने बॉन्ड भरने से इनकार कर दिया था और आरोप लगाया था कि दिल्ली पुलिस लोकतांत्रिक विरोध प्रदर्शनों को रोकने के लिए पीस बॉन्ड का इस्तेमाल एक हथियार की तरह कर रही है।