समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री मोहम्मद आजम खां बुधवार शाम करीब साढ़े छह बजे गाजियाबाद की डासना जेल से रिहा हो गए। रिहाई के बाद उन्होंने जेल रोड स्थित अपने घर के पास पहुंचकर समर्थकों का अभिवादन किया। जेल से बाहर आते ही उनके समर्थकों में जबर्दस्त उत्साह देखा गया और रामपुर से भी कई समर्थक उन्हें लेने गाजियाबाद तक पहुंचे थे।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आजम खां की रिहाई पर एक्स पर लिखा कि इससे इंसाफ पर ऐतबार बढ़ा है। उन्होंने कहा कि जब जुल्म और ज्यादती बेहद के पार हो जाए, तो समझो हुक्मरानों का अंतकाल आ गया है।
रात करीब 50 से अधिक गाड़ियों के काफिले के साथ आजम खां जेल रोड स्थित अपने घर के पास पहुंचे, जहां पहले से सैकड़ों समर्थकों की भीड़ उनका इंतजार कर रही थी। आजम खां की झलक देखते ही भीड़ ने जिंदाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए और समर्थकों ने आतिशबाजी छोड़कर उनका स्वागत किया।
गाजियाबाद से जब उनका काफिला निकला तो रास्ते में भी जगह-जगह समर्थक और सपाई उनकी झलक पाने के लिए खड़े मिले। बताया गया है कि रिहाई के बाद आजम खां मुरादाबाद पहुंचे, जहां पाकबड़ा जीरो पॉइंट पर सपा कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।
