बदायूं के बिसौली क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय बसई में पढ़ाई रोककर बच्चों से राजनीतिक नारे लगवाने का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई है। समाजवादी पार्टी के नेता और सांसद धर्मेन्द्र यादव के मीडिया प्रभारी प्रभात अग्रवाल ने घटना पर कड़ी आपत्ति जताई है।
सपा का आरोप है कि स्कूल में पढ़ाई बाधित कर बच्चों से भाजपा के चुनाव चिह्न कमल के पक्ष में नारे लगवाए गए। इस घटना को लेकर बिसौली ग्रामीण मंडल अध्यक्ष सुनील सिंह ठाकुर और भाजपा की जिला उपाध्यक्ष सरिता वार्ष्णेय का नाम सामने आने से विवाद और गहरा गया है।
प्रभात अग्रवाल ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि स्कूलों में बच्चों की पढ़ाई रोककर इस तरह नारे लगवाना उचित नहीं है। उनके अनुसार, सरकारी स्कूल बच्चों को पढ़ने-लिखने के लिए हैं, न कि किसी राजनीतिक गतिविधि के लिए। उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों की भूमिका पर भी सवाल उठाया और कहा कि सरकारी संस्थान जनता के पैसे से चलते हैं और इन्हें राजनीति का मंच नहीं बनाया जाना चाहिए।
इस मामले पर बीएसए नवीन कुमार ने कहा कि प्रकरण को दिखवाया जा रहा है। पूरी जानकारी सामने आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
