लोकसभा में पेश होने जा रहे डिलिमिटेशन बिल पर DMK ने समर्थन का ऐलान किया है। शनिवार रात पार्टी के कई सांसदों ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से उनके आवास पर मुलाकात कर पार्टी का रुख बताया। DMK सांसद कनिमोझी ने कहा कि पार्टी ने डिलिमिटेशन और महिला आरक्षण बिल को समर्थन देने का फैसला किया है, क्योंकि उसकी मांगें बिल में शामिल की गई हैं।
कनिमोझी ने बताया कि शनिवार सुबह पार्टी नेता एमके स्टालिन ने DMK सांसदों की बैठक बुलाई थी, जिसमें डिलिमिटेशन बिल पर पार्टी का रुख तय किया गया और एक बयान जारी किया गया। इसके बाद सांसद गृह मंत्री और सरकार को अपना स्टैंड बताने पहुंचे। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो मांगें रखी थीं, उन्हें बिल का हिस्सा बना दिया गया है।
कनिमोझी के अनुसार, सरकार ने सीटों की संख्या 1971 की जनगणना के आधार पर बढ़ाने और अगले 25 साल तक रोक रखने की पार्टी की मांग मान ली है। इससे तमिलनाडु में सांसदों की संख्या 39 से बढ़कर 59 हो जाएगी। उन्होंने कहा कि बिल पास होने के बाद महिला आरक्षण बिल लागू हो जाएगा।
इससे पहले एमके स्टालिन ने भी बिल को समर्थन देने की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि नए विधेयक में पार्टी की दो मुख्य मांगें लिखित रूप में शामिल हैं, जबकि अप्रैल में पेश पिछले विधेयक में ये बातें नहीं थीं, इसलिए उसका विरोध किया गया था। स्टालिन ने इसे 2024 से चले संघर्ष की जीत और तमिलनाडु समेत सभी दक्षिणी राज्यों की जीत बताया था।
