लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2027 में बीजेपी को चुनौती देने के लिए सपा और कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व मजबूत गठबंधन का दावा कर रहा है, लेकिन चुनावी तैयारियों में दोनों दलों की राह अलग-अलग दिख रही है। सीट बंटवारा तय होने से पहले सपा की ओर से पांच प्रत्याशियों की घोषणा और अकेले 'पीडीए प्रणपत्र' जारी करने से कांग्रेस के भीतर बेचैनी बढ़ी है। सवाल उठ रहा है कि गठबंधन में चुनाव लड़ना है तो चुनावी वादों जैसे बड़े फैसलों में साझेदारी क्यों नहीं दिख रही।
कांग्रेस के कुछ नेताओं का मानना है कि गठबंधन की बातचीत चलने के दौरान बड़े राजनीतिक ऐलान और प्रेस कॉन्फ्रेंस साझा मंच से होने चाहिए। कांग्रेस ने भी किसानों, युवाओं, महिलाओं, मजदूरों और छात्रों को ध्यान में रखकर अपना घोषणापत्र तैयार कर रखा है, लेकिन फिलहाल गठबंधन की तस्वीर साफ होने का इंतजार है। सहमति बनी तो साझा घोषणापत्र की संभावना तलाशी जाएगी, अन्यथा पार्टी अपना दस्तावेज अलग जारी कर सकती है।
सबसे बड़ा पेच सीटों का तनाव है। कांग्रेस खेमे में 120 से कम सीटों पर समझौता न करने की आवाज उठ रही है, जबकि शुरुआती बातचीत में सपा की ओर से 26 सीटों की पेशकश की चर्चा से नाराजगी बढ़ी है। सांसद इमरान मसूद ने इसे सार्वजनिक करते हुए कहा था कि '26 सीटों की भीख नहीं चाहिए' और 'कबाड़ सीटें नहीं लेंगे'। आला कमान की नसीहत के बाद भी मसूद कम से कम 105 सीटों की मांग की बात कह चुके हैं।
सपा ने पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक यानी पीडीए के साथ सामाजिक न्याय, जातिगत जनगणना और सरकारी ठेकों में आरक्षण को अपने अभियान के केंद्र में रखा है। कांग्रेस का भी अपना चुनावी एजेंडा है। 2022 में उसने महिलाओं के लिए 'शक्ति विधान', युवाओं के लिए 'भर्ती विधान' और अन्य वर्गों के लिए 'उन्नति विधान' जारी किया था। इसमें किसानों की कर्जमाफी, गेहूं-धान की 2,500 रुपये प्रति क्विंटल खरीद, गन्ने का 400 रुपये मूल्य, 20 लाख रोजगार और 12 लाख खाली सरकारी पद भरने का वादा था। इनमें महिलाओं को 40 प्रतिशत टिकट और सरकारी नौकरियों में 40 प्रतिशत आरक्षण, छात्राओं को स्मार्टफोन-स्कूटी, बिजली बिल आधा करने, गंभीर बीमारी में 10 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज और महिलाओं की सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा जैसे वादे भी शामिल थे।
हालांकि मल्लिकार्जुन खरगे, आराधना मिश्रा 'मोना' और अजय राय जैसे कांग्रेस नेता सार्वजनिक टकराव से बचते हुए बातचीत पर जोर दे रहे हैं। सपा का भी कहना है कि अलग घोषणापत्र गठबंधन टूटने का संकेत नहीं है और सीटों पर फैसला शीर्ष नेतृत्व करेगा। फिर भी प्रत्याशियों की घोषणा, सीटों पर खींचतान और अब अलग चुनावी वादों ने साफ कर दिया है कि गठबंधन की असली परीक्षा सीट शेयरिंग के वक्त होगी।
