भगवान श्रीकृष्ण पर विवादित टिप्पणी के बाद चर्चा में रहे बाबा बागेश्वर धाम सरकार यानी धीरेंद्र शास्त्री उत्तर प्रदेश के बाद अब पंजाब में कथा कर रहे हैं। पाकिस्तान सीमा के करीब पठानकोट में 22 से 24 नवंबर तक उनकी हनुमंत कथा चल रही है। इस कार्यक्रम का आयोजन सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी (AAP) के उम्मीदवार और नेता स्वर्ण सिंह सलारिया कर रहे हैं। पंजाब AAP प्रमुख अमन अरोड़ा कल इस कथा में शामिल हुए थे। अब AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के भी इसमें शामिल होने की उम्मीद है। इससे कुछ दिन पहले ही उन्होंने यूपी में राजा भैया के लिए राम कथा पूरी की थी।

इस हनुमंत कथा को 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों से पहले हिंदू मतदाताओं को साधने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। ऐसे में AAP नेताओं द्वारा धीरेंद्र शास्त्री का कार्यक्रम कराने पर पार्टी की वैचारिक लाइन और धर्मनिरपेक्ष छवि पर सवाल उठाए जा रहे हैं। दूसरी तरफ, पिछले हफ्ते जब बाबा बागेश्वर ने राजा भैया के लिए राम कथा की थी, तो आरोप लगा था कि वे भाजपा के लिए समर्थन जुटाने की कोशिश कर रहे हैं। राजा भैया को योगी आदित्यनाथ का कट्टर समर्थक माना जाता है।

बाबा बागेश्वर का कहना है कि वे किसी खास पार्टी का समर्थन नहीं करते, लेकिन चूंकि स्वर्ण सिंह सलारिया उनके यजमान यानी मेजबान हैं, इसलिए उन्होंने यहां आने का फैसला किया है। व्यवसायी से राजनेता बने सलारिया पहले कांग्रेस में थे। 2009 में वे भाजपा में शामिल हुए और 2024 में उन्होंने AAP का दामन थाम लिया। पंजाब की सभी प्रमुख पार्टियों और नेताओं के साथ सलारिया के अच्छे संबंध हैं। शायद यही वजह है कि जब उन्होंने बाबा को कथा के लिए आमंत्रित किया, तो राज्य में किसी को भी हैरानी नहीं हुई।

इस कथा के पीछे मूल मकसद हिंदू मतदाताओं का ध्रुवीकरण माना जा रहा है। जहां भाजपा और अकाली दल गठबंधन अपने गठबंधन के जरिए पंजाब में सिख-हिंदू एकीकरण के दावे कर रहे हैं, वहीं आम आदमी पार्टी ऐसे आयोजनों से हिंदू मतदाताओं को अपने पाले में करना चाह रही है। बता दें कि पठानकोट में हिंदू आबादी करीब 88 फीसदी है, यही वजह है कि यह क्षेत्र पंजाब के अन्य हिस्सों की तुलना में हिंदू बहुसंख्यक क्षेत्र कहलाता है। राजनीतिक वर्चस्व की बात करें तो 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के अश्विनी कुमार शर्मा ने जीत दर्ज की थी। उन्होंने कांग्रेस के अमित विज को 7,759 वोटों के अंतर से हराया था। AAP के विभूति शर्मा तीसरे स्थान पर रहे थे। 1977 से अब तक भाजपा ने इस सीट से पांच बार जीत दर्ज की है। 2022 में भाजपा ने कांग्रेस से यह सीट छीनी थी। पठानकोट जिले के तहत तीन विधानसभा सीटें आती हैं। सुजानपुर सीट पर कांग्रेस जबकि भोआ सीट पर आम आदमी पार्टी ने जीत दर्ज की थी।