पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया है कि पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने उन्हें TMC छोड़कर प्रधानमंत्री मोदी के साथ जाने की सलाह दी थी। उन्होंने मंगलवार को कोलकाता में एक समिट के दौरान यह बात कही। अधिकारी के मुताबिक, राष्ट्रपति बनने के बाद जब वे प्रणब मुखर्जी से मिलने राष्ट्रपति भवन गए थे, तब दोनों के बीच यह बातचीत हुई थी। उन्होंने बताया कि मुखर्जी ने उनसे कहा था कि अगर कर्मचारी बनकर रहना है तो TMC में रहिए, और अगर अपने दम पर आगे बढ़ना है तो मोदीजी के साथ रहिए। अधिकारी ने प्रणब मुखर्जी को अपना 'ओरिजिनल एडवाइजर' और अभिभावक जैसा बताया।

जब शुभेंदु अधिकारी से पूछा गया कि यह बातचीत कब हुई थी, तो उन्होंने तारीख बताने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि प्रणब मुखर्जी अब इस दुनिया में नहीं हैं और उनके बयान से विवाद हो सकता है, इसलिए वे इस बारे में ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहते। अधिकारी ने मुखर्जी की एक और टिप्पणी का जिक्र किया, जिसमें उन्होंने पार्टी को 'बुआ-भतीजे की जोड़ी' से चलने वाली पार्टी बताया था। यह टिप्पणी ममता बनर्जी और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी के संदर्भ में थी। प्रणब मुखर्जी का अगस्त 2020 में निधन हुआ था।

शुभेंदु अधिकारी पहले ममता बनर्जी के करीबी नेताओं में गिने जाते थे। उन्होंने 2009 और 2014 में तमलुक लोकसभा सीट से चुनाव जीता और 2016 में नंदीग्राम से विधायक बने। ममता सरकार में उनके पास परिवहन मंत्रालय का जिम्मा था और पर्यावरण मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार भी था। पार्टी में अभिषेक बनर्जी का कद बढ़ने के साथ शुभेंदु और TMC नेतृत्व के बीच मतभेद बढ़ने लगे। नवंबर 2020 में उन्होंने परिवहन मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया और दिसंबर 2020 में BJP में शामिल हो गए। 2021 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने नंदीग्राम सीट से ममता बनर्जी को करीब 1,956 वोटों से हराया और बाद में नेता प्रतिपक्ष बनाए गए। शुभेंदु के नेतृत्व में भाजपा ने 2026 का बंगाल विधानसभा चुनाव जीता, जिसके बाद वे CM बने।

TMC सांसद सौगत रॉय ने शुभेंदु अधिकारी के दावे पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि शुभेंदु TMC छोड़कर BJP में शामिल हुए थे और अब इसके पीछे प्रणब मुखर्जी की सलाह का हवाला दे रहे हैं, लेकिन प्रणब मुखर्जी अब जीवित नहीं हैं। ऐसे में यह कैसे पता चलेगा कि मुख्यमंत्री सच बोल रहे हैं या नहीं।