मध्य प्रदेश में वित्तीय वर्ष 2027-28 के लिए अचल संपत्तियों की कलेक्टर गाइडलाइन में बदलाव की तैयारी चल रही है। महानिरीक्षक पंजीयन आलोक कुमार सिंह ने सभी जिला मूल्यांकन समितियों को निर्देश दिए हैं कि वे 15 जनवरी 2027 तक निर्धारित प्रारूप में प्रस्तावित दरें और उनसे जुड़ी जानकारी तैयार कर अनुमोदन के लिए भेजें। जिन क्षेत्रों में दरों में वृद्धि या कमी प्रस्तावित की जाएगी, वहां उसका औचित्य भी बताना अनिवार्य होगा।
नई गाइडलाइन तैयार करते समय नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में हुए विकास, नई कालोनियों और लोकेशन के विस्तार को ध्यान में रखा जाएगा। मूल्य निर्धारण का आधार बाजार में हुए वास्तविक लेन-देन और प्रचलित दरें रहेंगी। निर्माण लागत की दरें राज्य स्तर पर तय दरों के अनुरूप रखी जाएंगी। जिला मूल्यांकन समितियों को दरों में बदलाव और संबंधित स्थानों की जानकारी अलग-अलग देनी होगी।
30 जनवरी तक जिला मूल्यांकन समितियां अंतिम मूल्यों को अधिसूचित करने से पहले आम जनता से सुझाव आमंत्रित करेंगी और प्राप्त सुझावों पर विचार करेंगी। 15 फरवरी तक अंतिम मूल्यों को केंद्रीय मूल्यांकन बोर्ड के अनुमोदन के लिए भेजना होगा। बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद 31 मार्च 2027 तक विभिन्न क्षेत्रों के लिए बाजार मूल्य मार्गदर्शक सिद्धांत जारी कर दिए जाएंगे।
