जबलपुर में संविधान दिवस पर गुरुवार को कांग्रेस ने संविधान रक्षा मार्च निकाला। गोलबाजार से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए यह मार्च गांधी प्रतिमा तक पहुंचा और वापस गोलबाजार में समाप्त हुआ। मार्च के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बैलगाड़ियों का भी उपयोग किया, और एक बैलगाड़ी पर 50 से 55 लोगों के सवार होने का दृश्य सामने आया। दो बैलों पर इतनी भारी भीड़ का बोझ डाले जाने को लेकर सवाल उठे और भाजपा ने पशु क्रूरता का आरोप लगाते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। भाजपा नेताओं ने कहा कि जो पार्टी पशुओं के साथ अमानवीय व्यवहार कर रही है, वह संविधान और नागरिक अधिकारों की रक्षा की बात कैसे कर सकती है।
मार्च को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि देश में व्यवस्थित तरीके से वोट चोरी का तंत्र विकसित किया जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए मताधिकार की निष्पक्षता पर सवाल उठाए। राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने संसद के शीतकालीन सत्र में देरी पर आपत्ति जताई और कहा कि 20 नवंबर के बाद सत्र शुरू हो जाना चाहिए था, लेकिन अब तक स्पष्ट जानकारी न मिलना सांसदों का अपमान है।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भाजपा पर संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों के मुद्दे पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया और भाजपा नेताओं को डा. भीमराव आंबेडकर की किताब पढ़ने की सलाह दी। पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल ने मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव की लोकतंत्र बचाओ यात्रा पर कटाक्ष करते हुए सवाल किया कि मुख्यमंत्री आखिर क्या बचाना चाहते हैं। मार्च में पूर्व सांसद नकुल नाथ भी शामिल हुए। कांग्रेस ने इस मार्च में एक लाख लोगों की भागीदारी का लक्ष्य रखा था, हालांकि आयोजन में करीब पांच से छह हजार लोग ही शामिल हुए।
