समाजवादी पार्टी ने 2027 उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए गुरुवार को अपना घोषणापत्र जारी कर दिया। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि सपा सरकार बनने पर बीपीएल परिवारों की बुजुर्ग, जरूरतमंद और महिलाओं के लिए 40 हजार रुपये सालाना की समाजवादी पेंशन योजना फिर से शुरू की जाएगी। बेटी के जन्म पर राज्य सरकार उसके नाम पर 10 ग्राम तक सोना देने की व्यवस्था करेगी। विधवा, दिव्यांग और अनाथ लड़कियों से शादी करने पर 2 लाख रुपये की सहायता और एक घर देने का भी वादा किया गया है। 9वीं कक्षा और उससे ऊपर की छात्राओं को साइकिल और सोलर लैंप बांटे जाएंगे। घोषणापत्र में बीपीएल परिवारों के राशन कार्ड महिलाओं के नाम पर जारी करने और लड़कियों को केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा देने का भी जिक्र है।
घोषणापत्र में 10 लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा किया गया है। सरकार बनने पर पहली कैबिनेट बैठक में ये पद तत्काल भरे जाएंगे। रोजगार मिलने तक बेरोजगार स्नातकों को हर महीने 5 हजार रुपये भत्ता दिया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में कम से कम 150 दिन का रोजगार देने की नई योजना और शहरों में रोजगार गारंटी कानून लागू करने का भी वादा है। भर्ती परीक्षाओं के लिए सालाना कैलेंडर बनाने और एक चरण वाली भर्ती तीन महीने तथा दो-तीन चरण वाली भर्ती छह महीने में पूरी करने की बात कही गई है।
किसानों के लिए घोषणापत्र में सरकार बनने के तीन महीने के भीतर 100 प्रतिशत कर्ज माफी और 2031 तक सभी किसानों को कर्जमुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है। दूध समेत सभी फसलों पर एमएसपी की कानूनी गारंटी और इसे स्वामीनाथन आयोग के सी2+50 प्रतिशत फार्मूले से तय करने का वादा किया गया है। गन्ना किसानों को 24 घंटे के भीतर भुगतान के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का रिवॉल्विंग फंड बनाया जाएगा। किसानों का बीमा मुआवजा बढ़ाकर 10 लाख रुपये और ग्रामीण घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने का भी वादा है।
घोषणापत्र में दलित युवाओं के उद्यम और शिक्षा के लिए 5 हजार करोड़ रुपये का स्टार्टअप फंड और विदेश में उच्च शिक्षा के लिए 1 हजार करोड़ रुपये का कोष बनाने की बात कही गई है। दलित महिलाओं के लिए महिला बजट का 20 प्रतिशत आवंटित करने तथा दलित और भूमिहीन परिवारों को जमीन का मालिकाना हक देने का प्रस्ताव है। शिक्षा क्षेत्र में 2017 से बंद 26 हजार से अधिक सरकारी प्राथमिक विद्यालय दोबारा खोलने, शिक्षकों के रिक्त पद एक साल में भरने और शिक्षा बजट तीन गुना करने का वादा किया गया है। स्वास्थ्य क्षेत्र में सभी सरकारी अस्पतालों में मुफ्त इलाज, गरीब परिवारों को 10 लाख रुपये तक स्वास्थ्य बीमा और 18 मंडल मुख्यालयों में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल स्थापित करने का वादा भी शामिल है।
घोषणापत्र में अल्पसंख्यकों, महिलाओं और दलितों के खिलाफ घृणा अपराधों पर 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाने तथा पुलिस बल के रिक्त पद एक साल में भरने का वादा किया गया है। पुलिस सहायता के लिए 15 मिनट से कम समय में पहुंचने का लक्ष्य और हर 180 दिन में अपराधों का सार्वजनिक ऑडिट करने की बात भी कही गई है। औद्योगिक विकास के तहत 2032 तक एक करोड़ रोजगार एवं व्यवसाय के अवसर सृजित करने, आईटी क्षेत्र में दो करोड़ नौकरियों और पर्यटन क्षेत्र में 30 लाख रोजगार पैदा करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रदेश के पांच प्रमुख शहरों में आईटी हब, नोएडा को इलेक्ट्रॉनिक उद्योग केंद्र तथा दो नए ग्रीनफील्ड शहर विकसित करने का वादा भी किया गया है। 2030 तक सभी जिलों को फोरलेन सड़क नेटवर्क से जोड़ने और बहराइच से बिजनौर तक तराई एक्सप्रेसवे बनाने की बात कही गई है।
घोषणापत्र में पुरानी पेंशन योजना बहाल करने, आउटसोर्सिंग समाप्त करने, समान काम के लिए समान वेतन को कानूनी अधिकार बनाने, श्रमिकों और कारीगरों के लिए 10 लाख रुपये का बीमा, दिव्यांगों को प्रतिमाह 3 हजार रुपये तक पेंशन तथा किसानों और असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए सामाजिक सुरक्षा योजनाएं शुरू करने के वादे भी शामिल हैं। इसके अलावा खिलाड़ियों, अधिवक्ताओं, पत्रकारों, पूर्व सैनिकों और छोटे व्यापारियों के कल्याण के लिए अलग-अलग योजनाओं का
