प्रतापगढ़: जनसत्ता दल लोकतांत्रिक ने विधानसभा चुनाव 2027 के लिए अपनी पहली प्रत्याशी सूची जारी कर दी है। इस सूची में तीन विधानसभा क्षेत्रों के उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की गई है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मौजूदा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया को कुंडा विधानसभा सीट से प्रत्याशी बनाया गया है। राजा भैया लंबे समय से इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और पार्टी ने एक बार फिर उन्हें इसी सीट से चुनाव लड़ाने का फैसला किया है।
बाबागंज विधानसभा सीट से विनोद सरोज को उम्मीदवार घोषित किया गया है। वह वर्तमान में इस सीट से विधायक हैं और पार्टी ने उन्हें दोबारा मैदान में उतारने का निर्णय लिया है। वहीं विश्वनाथगंज सीट से कुलदीप पटेल को टिकट दिया गया है। कुलदीप पटेल की पत्नी जिला पंचायत अध्यक्ष हैं और कुर्मी पटेल समाज में उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है। इन नामों की घोषणा के साथ ही प्रदेश की सियासत में हलचल बढ़ गई है।
राजा भैया 1993 से 2017 तक निर्दलीय चुनाव लड़ते रहे। 2018 में अपनी राजनीतिक पारी के 25 साल पूरे होने पर उन्होंने जनसत्ता दल लोकतांत्रिक का गठन किया। वह कैबिनेट मंत्री भी रह चुके हैं। मौजूदा समय में उनकी पार्टी से दो विधायक, एक एमएलसी, एक जिला पंचायत अध्यक्ष और 50 से ज्यादा प्रमुख हैं। यूपी विधानसभा में राजा भैया की पार्टी तीसरी सबसे बड़ी पार्टी है, जबकि कांग्रेस और बसपा जनसत्ता दल से पीछे हैं।
2011 की जनगणना के मुताबिक कुंडा की आबादी 9.10 लाख है, जो 2021 के आधार डेटा के अनुसार 11.28 लाख से अधिक हो सकती है। जातीय समीकरण की बात करें तो यहां अनुसूचित जातियों के 75 हजार, मुस्लिम 55 हजार, यादव 50 हजार, ब्राह्मण 40 हजार, क्षत्रिय 20 हजार, अन्य पिछड़ी जातियां 15 हजार और वैश्य 15 हजार मतदाता हैं। राजा भैया क्षत्रिय बिरादरी से आते हैं, जिसके मात्र 20 हजार वोटर हैं। कुंडा को यूपी की हाईप्रोफाइल सीटों में गिना जाता है। 2022 के चुनाव में लगातार सातवीं बार जीत दर्ज कर राजा भैया ने बड़ा रिकॉर्ड कायम किया था।
