बांग्लादेश ने भारत से गंगा जल संधि के नवीकरण पर बातचीत शुरू करने की अपील की है। संधि की अवधि 12 दिसंबर को समाप्त हो रही है। बांग्लादेश पहले संधि को नए सिरे से करने की मांग कर रहा था, जिसमें सूखे के दौरान पानी की मात्रा की गारंटी और एक विशेष तकनीकी टीम के गठन की बात शामिल थी। भारत का कहना है कि संयुक्त नदी आयोग इस मामले के लिए पर्याप्त है।

बांग्लादेश के जल संसाधन मंत्री शाहिदउद्दीन चौधरी ने भारत को पत्र लिखकर कहा है कि गंगा जल संधि पर जल्द बातचीत शुरू होनी चाहिए। बांग्लादेश की 10 सदस्यीय तकनीकी समिति के प्रमुख और प्रधानमंत्री तारिक रहमान के सलाहकार राशद तितुमीर ने कहा कि संधि से जुड़ी तैयारियां पूरी हो गई हैं और गंगा के पानी के समान व निष्पक्ष बंटवारे के लिए जरूरी कदम उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि संधि की अवधि पूरी होने से पहले ही ठोस कदम उठाया जाएगा।

गौरतलब है कि भारत और बांग्लादेश कम से कम 54 नदियों का जल साझा करते हैं, लेकिन समझौता केवल गंगा नदी के पानी को लेकर हुआ है। मौजूदा संधि 12 दिसंबर 1996 को हुई थी, जब बांग्लादेश में शेख हसीना की सरकार थी। संधि के अनुसार, जनवरी से मई तक अगर नदी का बहाव 70 हजार क्यूसेक से कम होता है तो बांग्लादेश को कम से कम 35 हजार क्यूसेक पानी देना होता है।

शेख हसीना की सरकार गिरने के बाद दोनों देशों के संबंध खराब हो गए थे। मोहम्मद यूनुस की अगुवाई वाली अंतरिम सरकार के दौरान कानून व्यवस्था बिगड़ने और अल्पसंख्यक हिंदुओं पर अत्याचार की खबरें सामने आईं, वहीं बांग्लादेश ने पाकिस्तान से करीबी बढ़ाई। शेख हसीना के भारत में शरण लेने को लेकर बांग्लादेश के नेता लगातार बयान देते रहे हैं। अब बांग्लादेश में फिर हिंसा हो रही है और प्रधानमंत्री तारिक रहमान संकेतों में भारत को इसके लिए जिम्मेदार ठहरा चुके हैं।