बागेश्वर धाम के पीठाधीश धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के श्रीकृष्ण पर दिए गए बयान के बाद सियासी विवाद के बीच योगगुरु बाबा रामदेव ने भी उन पर निशाना साधा है। एक कार्यक्रम के दौरान रामदेव ने धीरेंद्र शास्त्री को पाखंडी और धूर्त बताया और उनका मजाक भी बनाया। रामदेव ने कहा कि इन कथावाचकों ने न वेद पढ़े हैं और न महाभारत, फिर भी ये कहते हैं कि राम महान हैं और कृष्ण टेढ़े-मेढ़े हैं।
रामदेव ने कहा, 'कुछ लोग न वेद पढ़े हैं और न दर्शन उपनिषद। न रामायण पढ़ी, न महाभारत। न संविधान जानते हैं, न लोकतंत्र। बस खड़े होकर बकवास करते रहते हैं। कहते हैं हम सनातन बचाएंगे, हिंदू धर्म बचाएंगे। पाखंडी कहीं के, धूर्त।' उन्होंने आगे कहा कि देवी-देवताओं की हंसी उड़ाना गलत है और सनातन का छोटा सा पक्ष लेकर भीड़ को उत्तेजित करने वाले ढोंगी कथाकार धर्म के नाम पर भूत-प्रेत बाधा के नाम पर लोगों को ठगते हैं।
रामदेव ने कहा कि जो देवी-देवताओं में तुलना करके कहते हैं कि राम महान हैं और कृष्ण टेढ़े हैं, उन्होंने पहले माफी मांगी, बांके बिहारी में मत्था टेका और फिर वही बात दोहराई। उन्होंने कहा कि हर चीज की एक मर्यादा और प्रोटोकॉल है, हंसी-मजाक में भी अवतारी शक्तियों का अपमान नहीं किया जा सकता। रामदेव ने कहा कि पहले वे समझाते हैं, न समझे तो मंच से बोलना पड़ता है, ताकि लोगों को पता लगे कि सनातन के नाम पर ढोंग और पाखंड नहीं किया जा सकता।
गौरतलब है कि एक कथा के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भगवान राम और श्रीकृष्ण के बीच तुलना करते हुए कहा था कि कृष्ण टेढ़े-मेढ़े हैं जबकि राम सीधे हैं। इस बयान पर अखिलेश यादव समेत कई नेताओं ने आपत्ति जताई थी। इसके बाद कुंडा में धीरेंद्र शास्त्री की रामकथा हुई, जहां आयोजक राजा भैया ने उन्हें अपनी कार से प्रयागराज से कुंडा लाया। कथा के बाद शास्त्री वृंदावन पहुंचे और अखिलेश यादव से कहा कि अगर वे कृष्ण भक्त हैं तो मथुरा-वृंदावन आएं।
