सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को गोधरा ट्रेन अग्निकांड के दोषी इरफान सिराज पाड़ा की सजा निलंबित कर दी और उसे मेडिकल आधार पर जमानत दे दी। गुजरात सरकार ने उसकी मेडिकल स्थिति पर कोई आपत्ति नहीं जताई। इरफान को 2025 में भी समय से पहले रिहाई की मांग पर राज्य सरकार से विचार कराने के लिए अंतरिम पैरोल मिली थी।
इस मामले में कुल 31 लोगों को दोषी ठहराया गया था, जिनमें से अब तक 11 को जमानत मिल चुकी है। बता दें कि 27 फरवरी 2002 को साबरमती एक्सप्रेस के S-6 कोच में आग लगने से 58 लोगों की मौत हो गई थी। ट्रेन में अयोध्या से लौट रहे कारसेवक सवार थे। इस घटना के बाद गुजरात में सांप्रदायिक दंगे भड़क गए थे।
मार्च 2011 में ट्रायल कोर्ट ने इस मामले में 31 लोगों को दोषी ठहराया था, जिनमें 11 को फांसी और बाकी 20 को उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। 63 अन्य आरोपियों को बरी कर दिया गया था। 2017 में गुजरात हाईकोर्ट ने 11 दोषियों की फांसी की सजा को उम्रकैद में बदल दिया था और बाकी 20 दोषियों की उम्रकैद की सजा बरकरार रखी थी। दोषियों की अपील 2018 से सुप्रीम कोर्ट में लंबित हैं।
2022 से अब तक 10 दोषियों को जमानत मिल चुकी है। 13 मई 2022 को सुप्रीम कोर्ट ने दोषी अब्दुल रहमान धंतिया उर्फ कंकट्टो उर्फ जंबूरो को छह महीने की अंतरिम जमानत दी थी, क्योंकि उसकी पत्नी को अंतिम चरण का कैंसर था और उसकी बेटियां मानसिक रूप से दिव्यांग थीं। 11 नवंबर 2022 को कोर्ट ने उसकी जमानत 31 मार्च 2023 तक बढ़ा दी थी। दिसंबर 2022 में एक अन्य दोषी फारूक को जमानत दी गई, जिसमें कोर्ट ने इस बात पर विचार किया था कि वह 17 साल से ज्यादा समय जेल में बिता चुका है और ट्रेन पर पथराव करने में उसकी भूमिका थी। इसके बाद 21 अप्रैल 2023 को सुप्रीम कोर्ट ने 8 अन्य दोषियों को जमानत दी थी।
गोधरा कांड के बाद भड़के दंगों में 1044 लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें 790 मुसलमान और 254 हिंदू थे। गोधरा कांड के एक दिन बाद 28 फरवरी को अहमदाबाद की गुलबर्ग हाउसिंग सोसाइटी में बेकाबू भीड़ ने 69 लोगों की हत्या कर दी थी। इन दंगों से राज्य में हालात इस कदर बिगड़ गए कि स्थिति काबू में करने के लिए तीसरे दिन सेना उतारनी पड़ी।
