वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को कहा कि गरीबी को केवल मजदूरी या आमदनी के आधार पर नहीं आंका जा सकता। उन्होंने लिंक्डइन पर एक पोस्ट में वर्ल्ड बैंक की भारत पर ताजा गरीबी और समानता रिपोर्ट का हवाला दिया। रिपोर्ट के अनुसार, 2011 से 2023 के बीच करीब 50 करोड़ भारतीय गरीबी से बाहर आए और अत्यधिक गरीबी लगभग समाप्त हो गई।

सीतारमण ने कहा कि गरीबी केवल आमदनी या मजदूरी की कमी नहीं है। सुरक्षित छत, साफ पानी, स्वच्छता या इलाज के अभाव में कोई परिवार कमजोर बना रहता है। उन्होंने कहा कि आमदनी बढ़ने के बाद भी ऐसे परिवार संकट में पड़ सकते हैं, क्योंकि एक बीमारी उनकी पूरी बचत खत्म कर उन्हें दोबारा गरीबी में धकेल सकती है।

वित्तमंत्री के मुताबिक, आजादी के बाद छह दशकों से अधिक समय तक बड़े पैमाने पर गरीबी खत्म करना एक अधूरा वादा बना रहा। शुरुआती 2010 के दशक में भी विदेशों में भारत को लंबे समय से चली आ रही गरीबी से जूझते देश के रूप में देखा जाता था। उस समय भारत स्वच्छता, पोषण, साफ खाना पकाने के ईंधन और बैंकिंग के मामले में पीछे था। तब यह माना जाता था कि गरीबों को पैसे बांटने से उनकी सभी परेशानियां अपने आप दूर हो जाएंगी।

सीतारमण ने कहा कि केंद्र सरकार ने यह तरीका नहीं अपनाया। इसके बजाय, परिवारों की अलग-अलग कमियों को पहचानकर उन्हें दूर करने पर काम किया गया। उन्होंने लिखा कि सरकार ने हर योजना उन लोगों के लिए बनाई, जिन्हें उसकी जरूरत थी, और योजनाओं का ध्यान नतीजों को मापने पर रहा। उनके अनुसार, गरीबी कम करने के लिए कोई जादू की छड़ी नहीं थी; कल्याणकारी योजनाओं को लागू करने के लिए आखिरी परिवार तक लाभार्थियों की पहचान और निगरानी जरूरी थी। पिछले 10 दिनों में प्रधानमंत्री मोदी ने भी कार्यक्रमों में गरीबी का जिक्र किया है।