देहदानी श्री मांगेराम गर्ग सेवा समिति ने नई दिल्ली में 'दो महापुरुष, एक संकल्प' कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने शिरकत की और दो महान विभूतियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
यह आयोजन दिल्ली भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मांगेराम गर्ग की 90वीं जयंती और श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के प्रमुख स्तंभों में से एक अशोक सिंघल के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में किया गया। कार्यक्रम में दोनों महापुरुषों के योगदान को स्मरण किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि मांगेराम गर्ग ने जनसंघ के समय से ही संगठन को सशक्त बनाने और समाजसेवा के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया। वहीं, अशोक सिंघल ने श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के माध्यम से करोड़ों रामभक्तों को एकजुट कर देश में सांस्कृतिक जागरण को नई दिशा दी। वक्ताओं ने दोनों के जीवन को सेवा, त्याग, संगठन शक्ति और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण बताया।
श्रद्धांजलि सभा में सांसद योगेंद्र चंदोलिया, सांसद कमलजीत सहरावत, भाजपा दिल्ली प्रदेश कोषाध्यक्ष सतीश गर्ग और विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री बजरंग बागड़ा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
