भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी विदेश जाकर भारत की अर्थव्यवस्था को कमजोर बताते हैं, जबकि कई बड़े अंतरराष्ट्रीय संस्थानों की रिपोर्टें देश की बढ़ती आर्थिक ताकत की गवाही दे रही हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लोवी इंस्टीट्यूट, गोल्डमैन सैक्स, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) और विश्व बैंक की रिपोर्टों का हवाला दिया और पूछा कि राहुल गांधी किस आधार पर भारत की अर्थव्यवस्था को कमजोर बता रहे हैं।
प्रसाद ने लोवी इंस्टीट्यूट की 'एशिया पावर इंडेक्स 2026' रिपोर्ट का जिक्र करते हुए बताया कि इसमें 131 मानकों के आधार पर एशिया के 27 देशों का अध्ययन किया गया है। उनके मुताबिक, इस रिपोर्ट में भारत को 40.5 अंक मिले हैं और वह एशिया की तीसरी सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरा है। 'फ्यूचर रिसोर्सेज' श्रेणी में भारत को 56.2 अंक मिले, जबकि कूटनीतिक प्रभाव का स्कोर 70.3 बताया गया। प्रसाद ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एशिया के सबसे प्रभावशाली नेताओं में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बाद दूसरे स्थान पर हैं। रक्षा नेटवर्क में भारत 18.6 अंक के साथ दो पायदान ऊपर चढ़कर नौवें स्थान पर पहुंचा है।
भाजपा सांसद ने गोल्डमैन सैक्स की 26 नवंबर की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि इसमें अनुमान लगाया गया है कि 2027 में भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ने वाली बड़ी अर्थव्यवस्था बन सकता है। उन्होंने अक्टूबर 2026 की IMF और विश्व बैंक की रिपोर्टों का भी जिक्र किया और कहा कि अंतरराष्ट्रीय संस्थाएं भारत की विकास दर को लेकर सकारात्मक हैं।
इन रिपोर्टों का हवाला देकर प्रसाद ने राहुल गांधी पर निशाना साधा और पूछा कि क्या उन्होंने भारत को बदनाम करने का ठेका ले रखा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेश जाकर भारत के खिलाफ बयान देते हैं। प्रसाद ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष होने के नाते राहुल गांधी की जिम्मेदारी है कि बोलने से पहले तथ्यों को समझें। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के संयम की तारीफ भी की और राहुल गांधी की राजनीतिक भूमिका पर तंज कसा।
