नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के साथ द्विपक्षीय वार्ता के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि नेपाल के बिना हमारे धाम और राम दोनों अधूरे हैं। पीएम मोदी ने नेपाल के लिए 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के विकास पैकेज का ऐलान किया और नेपाल में आईआईटी स्थापित करने की घोषणा की।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत और नेपाल का रिश्ता केवल पड़ोस का नहीं, बल्कि अपने पर और अटूट विश्वास का है। दोनों देशों की खुशियां और चुनौतियां साझी हैं। उन्होंने नेपाल में बाढ़ से हुई जनहानि पर संवेदना व्यक्त की और कहा कि 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के पैकेज से प्रभावित परिवारों का जीवन पटरी पर लौटे और नए अवसर पैदा हों।
पीएम मोदी ने कहा कि भगवान राम और माता सीता दोनों देशों की साझा सभ्यता और आस्था की पहचान हैं। उन्होंने 2018 में जनकपुर में कही बात दोहराई कि नेपाल के बिना हमारे धाम और राम अधूरे हैं। उन्होंने बताया कि अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद करोड़ों श्रद्धालु वहां पहुंच रहे हैं और 2025 में देश-दुनिया से 30 करोड़ श्रद्धालुओं ने अयोध्या की यात्रा की। आज शुरू की गई सरयू कमला एक्सप्रेस से नए रिश्तों को आयाम दिया जा रहा है।
पीएम मोदी ने कहा कि लुंबिनी और बोधगया की कनेक्टिविटी बढ़ाने पर काम होगा। उत्तराखंड और नेपाल के बीच धारचुला मार्ग का उद्घाटन किया गया है और नेपाल की ओर इंटीग्रेटेड पोस्ट का काम आगे बढ़ेगा। बिहार, उत्तर प्रदेश और नेपाल के बीच बॉर्डर कनेक्टिविटी भी बढ़ाई जाएगी। नेपाल में स्टार्टअप इन्क्यूबेटर, इनोवेशन हब और आईआईटी स्थापित करने के साथ नेपाली छात्रों के लिए भारत में कानून और तकनीकी पढ़ाई की स्कॉलरशिप बढ़ाई जाएंगी। नेपाल में एग्रो इंडस्ट्रियल पार्क विकसित करने में भी सहयोग किया जाएगा।
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने भारत का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुसीबत के समय सबसे पहले भारत ही मदद के लिए आगे आता है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के संबंध पहले से भी मजबूत रहे हैं और अब अलग-अलग क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाना है, जिससे रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
