पश्चिम बंगाल के हिंगलगंज से भाजपा विधायक रेखा पात्रा की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें कोलकाता के एक निजी अस्पताल में वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। मेडिकल रिपोर्ट में जहर की आशंका जताई गई है। रेखा पात्रा की तबीयत शनिवार रात करीब 9 बजे हिंगलगंज स्थित उनके घर पर अचानक बिगड़ गई थी। परिवार के लोग उन्हें तुरंत स्थानीय अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बशीरहाट सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत में सुधार न होने पर रात करीब 3 बजे उन्हें कोलकाता शिफ्ट करने का फैसला किया गया। मेडिकल सूत्रों के मुताबिक, वह बेहोश हैं और उनकी आंखें भी नहीं खुली हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रेखा पात्रा के परिवार का दावा है कि उन्होंने हर्बल कीटनाशक निगल लिया था। अस्पताल के रेफरल कार्ड में भी इसका जिक्र होने की बात सामने आई है। हर्बल कीटनाशक पौधों के अर्क और जड़ी-बूटियों से बनाए जाते हैं और इनका इस्तेमाल मच्छरों व दूसरे कीड़ों को नियंत्रित करने के लिए किया जाता है। हालांकि, स्वास्थ्य मंत्री शरद्वत मुखर्जी ने कहा है कि जहर की पुष्टि अभी नहीं हुई है और सैंपल की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि उनकी तबीयत किस वजह से बिगड़ी थी। उन्होंने बताया कि परिवार के मुताबिक तबीयत फूड पॉइजनिंग के कारण बिगड़ी थी और डॉक्टर इसकी वजह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं। बाद में मंत्री ने कहा कि रेखा की हालत में सुधार हुआ है और वह पहले से बेहतर हैं। आरएन टैगोर अस्पताल के निदेशक और प्रमुख अभिजीत सीपी ने कहा कि अस्पताल की ओर से कोई मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया जाएगा और राज्य सरकार को सेहत से जुड़ी जानकारी दी जा रही है, मीडिया को अपडेट भी राज्य सरकार ही देगी।

रेखा पात्रा 2024 में संदेशखाली आंदोलन के दौरान चर्चा में आई थीं। उन्होंने उस समय तृणमूल कांग्रेस के नेताओं पर महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न और जमीन पर कब्जे के आरोप लगाए थे। वह संदेशखाली मामले में सबसे पहले केस दर्ज कराने वाली महिलाओं में शामिल थीं। इसके बाद भाजपा ने 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्हें बशीरहाट सीट से उम्मीदवार बनाया था, हालांकि वह चुनाव हार गई थीं। 2026 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने उन्हें हिंगलगंज सीट से टिकट दिया और जीत के बाद वह विधायक बनीं। लोकसभा चुनाव से पहले 26 मार्च 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनसे फोन पर करीब 9 मिनट बातचीत की थी और संदेशखाली में महिलाओं के लिए आवाज उठाने पर उनकी तारीफ की थी। मोदी ने कहा था- रेखा जी, आपने संदेशखाली में बहुत बड़ी लड़ाई लड़ी है। आप एक तरह से शक्ति स्वरूपा हैं।

इस बीच, सीपीआई(एम) नेता शतारूप घोष ने रेखा पात्रा के बीमार होने के कारणों की जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि जहर के कारण की ठीक से जांच होनी चाहिए और किसी भी सच्चाई को छिपाने की कोशिश नहीं की जानी चाहिए। तृणमूल कांग्रेस के नेता कुणाल घोष ने भी मामले की जांच की मांग करते हुए कहा कि यह पता लगाया जाना चाहिए कि रेखा की तबीयत अचानक कैसे बिगड़ी, और उन्होंने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।