पश्चिम बंगाल में कोलकाता के एक ईसाई मिशनरी स्कूल की महिला टीचर से भगवा साड़ी पहनने को लेकर कथित पूछताछ का मामला सामने आया है। भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने आरोप लगाया है कि टीचर के एक सहकर्मी ने उनसे सवाल किए और कहा कि स्कूल परिसर में भगवा साड़ी पहनना स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने ईसाई मिशनरी संस्थानों पर धर्मांतरण का भी आरोप लगाया है।

राज्य के शिक्षा मंत्री दीपक बर्मन ने कहा है कि मामले की जांच कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि वह मुख्यमंत्री के दौरे के सिलसिले में दफ्तर से बाहर हैं और इस मामले को अगले दिन देखेंगे। उन्होंने कहा कि जैसे मुख्यमंत्री ने कहा है, आरोपों की जांच होगी।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा है कि अगर आरोप सही पाए जाते हैं और लिखित शिकायत मिलती है तो जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अगर स्कूल इस मामले में शामिल पाया जाता है तो उसका एनओसी रद्द कर दिया जाएगा।

उधर, पश्चिम बंगाल एसोसिएशन ऑफ क्रिश्चियन स्कूल के एक प्रतिनिधि का कहना है कि उनके स्कूलों में किसी भी कर्मचारी के पहनावे पर किसी तरह की पाबंदी नहीं है और एक आरोप के आधार पर सभी स्कूलों के बारे में एक जैसी राय नहीं बनाई जानी चाहिए।