भागलपुर के मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के किशनपुर-मनोहरपुर बायपास मोड़ पर बुधवार सुबह घने कोहरे और कम दृश्यता के बीच दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। सामने से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने कार में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और हादसे के बाद अज्ञात वाहन का चालक मौके से फरार हो गया।

मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के वाराणसी निवासी वंदना देवी और ननकू राय के रूप में हुई है। दुर्घटनाग्रस्त कार में कुल छह लोग सवार थे। जानकारी के अनुसार, ये सभी बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र अंतर्गत आसमानीचक निवासी नंद कुमार राय के घर छठ पूजा में शामिल होने आए थे और पूजा संपन्न होने के बाद बुधवार सुबह कार से अपने घर वाराणसी लौट रहे थे।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़े और उन्होंने तुरंत मधुसूदनपुर थाना पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों के सहयोग से क्षतिग्रस्त कार में फंसे चारों गंभीर घायलों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस की मदद से इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (मायागंज) भेजा गया, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही मधुसूदनपुर थानाध्यक्ष संजय कुमार मंडल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि सभी पीड़ित वाराणसी के रहने वाले हैं और उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है। फरार वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि इस बायपास मोड़ पर कुहासे के दिनों में कम दृश्यता और वाहनों की अनियंत्रित रफ्तार के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं।