तमिलनाडु के करूर जिले के चिन्नकालीपालयम गांव में एक ही परिवार के पांच सदस्यों के शव बगीचे के कुएं में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतकों में एक दंपती, उनकी बेटी और दो मासूम बच्चे शामिल हैं। गुरुवार शाम स्थानीय लोगों ने कुएं में शव देखे, जिसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही वंगल पुलिस थाने की टीम मौके पर पहुंची और शवों को कुएं से बाहर निकलवाकर जांच शुरू की।

जानकारी के मुताबिक, करूर जिले के वेंगामेडु स्थित कोंगुनगर निवासी रामासामी (63), उनकी पत्नी जानकी (60), बेटी सुकुना (35) और उनके दो बच्चे शिवानी (10) व अधिरन (4) के शव कुएं में मिले हैं। बताया जा रहा है कि सुकुना की शादी करीब 13 साल पहले वेलायुधमपालयम निवासी प्रभु से हुई थी। पिछले कुछ समय से दंपती के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था, जिसके चलते सुकुना अपने दोनों बच्चों के साथ मायके में रह रही थी।

पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पांचों की मौत किन परिस्थितियों में हुई। शुरुआती तौर पर पारिवारिक विवाद को घटना की संभावित वजह बताया जा रहा है, लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं है कि घटना के पीछे असली वजह क्या थी। पुलिस अन्य संभावित पहलुओं को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही घटना की सही वजह सामने आ सकेगी। इसके लिए एक टीम का गठन किया गया है।