गीतकार जावेद अख्तर के भगवान राम पर दिए बयान का भारतीय जनता पार्टी ने स्वागत किया है। भाजपा विधायक राम कदम ने कहा कि अख्तर ने राम के बारे में बड़ी सच्चाई स्वीकार की है। अख्तर ने मंगलवार को मुंबई में कहा था कि राम जीवन जीने का तरीका हैं और हर भारतीय के खून में हैं।
भाजपा विधायक राम कदम ने बुधवार को कहा कि जावेद अख्तर अपने स्वतंत्र विचारों और बेबाक अंदाज के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अख्तर का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने भगवान श्रीराम के बारे में बहुत बड़ी सच्चाई स्वीकार की है। कदम के अनुसार, भगवान राम किसी एक जाति, धर्म या राजनीतिक दल के नहीं, बल्कि पूरे भारत के हैं और भारत की आत्मा, संस्कृति और संस्कार हैं।
कदम ने आलोचकों पर तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोगों को भगवान राम के नाम से आपत्ति है। उन्होंने कहा कि किसी का नाम बदलने से वह राम नहीं बनता, बल्कि आचरण और व्यवहार से बनता है। उनके मुताबिक, राम का अर्थ मर्यादा, कर्तव्य, न्याय और वचनबद्धता है, और इसी कारण उन्होंने राम राज्य स्थापित किया।
इससे पहले मंगलवार को मुंबई में एक कार्यक्रम में मीडिया से बातचीत में अख्तर ने कहा था कि राम सिर्फ एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक आदर्श, एक नैतिकता और जीवन जीने का तरीका हैं। उन्होंने कहा था कि राम का सार हर भारतीय के खून में है, चाहे उसका धर्म कोई भी हो। अख्तर ने बताया कि उन्होंने अभी रामायण फिल्म नहीं देखी है, लेकिन उनकी बेटी ने इसे देखा है और इसकी तारीफ की है।
