मणिपुर कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) के नेता कीशम मेघचंद्र सिंह ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत के मणिपुर दौरे पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूछा है कि क्या यह दौरा हिंसा प्रभावित राज्य में शांति बहाली में कोई ठोस योगदान दे पाएगा। सिंह ने कहा कि राज्य को अब सिर्फ आश्वासनों का एक और दौर नहीं चाहिए, बल्कि स्थायी शांति, सुरक्षा, पुनर्वास, जवाबदेही और एक विश्वसनीय राजनीतिक रोडमैप की जरूरत है।
भागवत बुधवार दोपहर तीन दिवसीय दौरे पर इंफाल पहुंचे हैं। आरएसएस के एक पदाधिकारी के अनुसार, अपनी यात्रा में वह राज्य में संगठन की गतिविधियों और सामाजिक पहलों की समीक्षा करेंगे तथा शताब्दी वर्ष समारोह के तहत संचालित कार्यक्रमों का आकलन भी करेंगे।
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में सिंह ने कहा कि 18 से 20 नवंबर तक का यह दौरा राज्य में जारी संकट को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि राज्य लंबे समय से जातीय संघर्ष का सामना कर रहा है, जिसमें निर्दोष लोगों की जान गई है, हजारों परिवार विस्थापित हुए हैं और विभिन्न समुदायों के बीच गहरी खाई पैदा हुई है। उन्होंने पूछा कि क्या आरएसएस नेतृत्व विस्थापित परिवारों और समुदायों से सीधे बातचीत करेगा तथा मैतेई, कुकी-जो और नगा समुदायों के बीच विश्वास बहाली के लिए कोई ठोस रोडमैप तैयार किया जाएगा।
कांग्रेस नेता ने यह भी सवाल किया कि क्या आरएसएस नेतृत्व लंबे समय से जारी संकट के लिए भाजपा के नेतृत्व वाले राजनीतिक तंत्र की जिम्मेदारी पर बात करेगा। उन्होंने कहा कि संगठनात्मक समीक्षा और शताब्दी समारोह आरएसएस के आंतरिक एजेंडे का हिस्सा हो सकते हैं, लेकिन मणिपुर के लोगों की पीड़ा को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। सिंह ने कहा कि हजारों परिवार अब भी विस्थापित हैं, घर खाली पड़े हैं और समुदायों के लोग भय व अनिश्चितता के माहौल में जी रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि मई 2023 में घाटी में रहने वाले मैतेई और पहाड़ी इलाकों में रहने वाले कुकी समुदायों के बीच जातीय संघर्ष शुरू हुआ था। इस हिंसा में अब तक कम से कम 306 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 49 लोग लापता हैं और हजारों लोग बेघर हो चुके हैं। इस साल फरवरी से पहाड़ी जिलों में कुकी और नगा समुदायों के बीच हुई झड़पों में कम से कम 50 लोगों की मौत हो चुकी है।