लखनऊ: महिला आरक्षण परिसीमन के बाद लागू होगा, लेकिन बीजेपी अभी से इसकी सियासी जमीन मजबूत करने में जुटी है। संसद सत्र के बहाने पार्टी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में महिला आरक्षण को फिर धार देने की तैयारी में है। इसके पीछे प्रतिनिधित्व के साथ चुनावी गणित भी है। दोनों राज्यों में महिलाएं कई चुनावों में पुरुषों से अधिक संख्या में बूथ तक पहुंची हैं और बीजेपी के लिए मजबूत वोट बैंक भी बनी हैं।

यूपी के पिछले डेढ़ दशक के आंकड़ों के मुताबिक, 2012 से हुए छह विधानसभा और लोकसभा चुनावों में केवल 2014 में महिलाओं का मतदान प्रतिशत पुरुषों से कम रहा। 2017 विधानसभा चुनाव में महिलाओं ने पुरुषों से 3.9 प्रतिशत अंक और 2022 में तीन प्रतिशत अंक अधिक मतदान किया। 2024 के लोकसभा चुनाव में भी यह बढ़त 0.76 प्रतिशत अंक रही।

सीएसडीएस के सर्वे के अनुसार, यूपी में बीजेपी को 2007 में 16 प्रतिशत और 2012 में 14 प्रतिशत महिला वोट मिले थे, जो 2017 में बढ़कर 41 प्रतिशत पहुंच गए। 2022 में बीजेपी को करीब 44 से 46 प्रतिशत महिलाओं का समर्थन मिला, जबकि पुरुषों में यह करीब 41 से 43 प्रतिशत था। उत्तराखंड में गठन के बाद से अब तक हर विधानसभा और लोकसभा चुनाव में महिलाओं का मतदान पुरुषों से अधिक रहा है।

यही चुनावी केमेस्ट्री बीजेपी के 'मिशन महिला' की अहम वजह है। परिसीमन के बाद महिला आरक्षण लागू होने पर सीटों और उम्मीदवारों का नया समीकरण बनेगा। ऐसे में बीजेपी के सामने दो लक्ष्य हैं—आरक्षण का सियासी लाभ लेना और उस महिला वोट बैंक पर पकड़ बनाए रखना, जो यूपी और उत्तराखंड में चुनावी गणित बदलने की ताकत दिखा चुका है।