बिजनौर। भीम आर्मी प्रमुख और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद से यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर पूनम पाण्डे ने बात की। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी और असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी के बीच गठबंधन हुआ है। इस बातचीत में उन्होंने परिसीमन बिल, बसपा के वोट बैंक, जेन Z और विपक्ष के साथ गठबंधन जैसे मुद्दों पर अपनी बात रखी।

परिसीमन बिल पर चंद्रशेखर ने कहा कि जब बिल आएगा तो उसे पढ़कर अपनी बात रखेंगे। पिछली बार उन्होंने बिल के विरोध में अपना रुख स्पष्ट किया था। पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि अब तक सरकार की तरफ से किसी ने संपर्क नहीं किया है। बसपा के वोट बैंक के सवाल पर उन्होंने कहा कि बात किसी एक नेता की नहीं है, वे पूरे बहुजन समाज की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक भर्ती, पंचायत सहायकों और दिल्ली में छात्रों के आंदोलन सहित हर व्यक्ति की लड़ाई लड़ी है।

जेन Z को लेकर चंद्रशेखर ने कहा कि उत्तर प्रदेश और भारत की राजनीति में जातियां हैं, जिन्हें नकारा नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि उन्होंने विपक्ष के साथ मिलकर लड़ने की कोशिश की, लेकिन सामने वाले गठबंधन को तैयार नहीं हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि जो लोग सत्ता में नहीं हैं, वे अहंकार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष एक तरफ खुद को परिवार बताता है, दूसरी तरफ उसके नेता एक-दूसरे की आलोचना करते हैं।

ओवैसी की पार्टी पर बीजेपी को फायदा पहुंचाने के आरोप के सवाल पर चंद्रशेखर ने कहा कि लोकतंत्र में सबको चुनाव लड़ने का अधिकार है। उन्होंने पिछले चुनाव के वोट प्रतिशत का जिक्र करते हुए पूछा कि विपक्ष के पास जीतने का कौन-सा समीकरण है। अपने मुकाबले के बारे में उन्होंने कहा कि सीधा मुकाबला सामाजिक परिवर्तन मोर्चा और एनडीए के बीच होगा और एंटी-इनकंबेंसी के कारण एनडीए हारेगी। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में 249 सीटों पर दलित और मुस्लिम आबादी 42 से 47 प्रतिशत है, और उनका गठबंधन निर्णायक भूमिका में है।