बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) मुंबई के भिंडी बाजार स्थित हाजी इस्माइल हबीब मुसाफिरखाना इमारत को गिराने की तैयारी कर रहा है। यह कार्रवाई आज होनी है। इस दौरान मुसाफिरखाना परिसर के अंदर बनी एक मस्जिद को भी गिराया जाना है। यह मस्जिद अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के पैतृक घर के ठीक बगल में स्थित है। यह वही घर है जहां बैठकर दाऊद इब्राहिम ने मुंबई में बम धमाकों की सारी योजना बनाई थी।
इस कार्रवाई से पहले बीएमसी ने बुधवार को एक बड़ी बैठक बुलाई है। यह बैठक कमिश्नर अश्विनी भिड़े की मौजूदगी में होगी। बैठक में हाजी इस्माइल हबीब मुसाफिरखाना इमारत को गिराने पर चर्चा होगी। वहीं, मस्जिद को गिराने के बारे में अंतिम फैसला इसी बैठक में लिया जाएगा।
दाऊद इब्राहिम के पैतृक घर के पास स्थित मुसाफिरखाना इमारत को नगर निगम ने खतरनाक घोषित कर दिया है। इसी के कारण नगर निगम इस इमारत को गिराने जा रहा है। जो लोग इस मस्जिद परिसर में नमाज पढ़ते हैं उन्हें किसी दूसरी जगह जाने के लिए कहा गया है।
भिंडी बाजार इलाके में स्थित जर्जर हाजी इस्माइल हबीब मुसाफिरखाना इमारत को BMC द्वारा 18 और 19 नवंबर को गिराया जाना है। बीएमसी ने 16 नवंबर को इस संबंध में एक नोटिस जारी किया था। बीएमसी ने इस इमारत को सी-1 कैटेगरी की खतरनाक इमारत घोषित किया है। यह पाकमोडिया स्ट्रीट और सेकंड कूपर स्ट्रीट के चौराहे पर स्थित है। BMC के अनुसार, बॉम्बे हाईकोर्ट ने 31 अगस्त 2020 को इस इमारत के संबंध में एक आदेश जारी किया था। तब से ही इसे खाली कराने और गिराने की प्रक्रिया चल रही है।
यह दाऊद इब्राहिम का पुश्तैनी घर है। 1986 में भारत से भागने से पहले वह और उसका परिवार यहीं रहता था। इस इमारत में दाऊद इब्राहिम का घर और दफ्तर दोनों ही थे। भिंडी बाजार मुंबई का एक ऐतिहासिक और भीड़भाड़ वाला इलाका है। यहां स्थित पाकमोडिया स्ट्रीट को अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के परिवार के पुराने घर के रूप में जाना जाता है।
दाऊद का यह पैतृक घर कई सालों से विवाद का विषय रहा है। यह इमारत बेहद जर्जर हालत में है। इसकी दीवारें और छत कभी भी गिर सकती हैं। स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने कई बार इस इमारत की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। 2020 में जब नगर निगम ने इसे खतरनाक इमारत घोषित किया तो इसे गिराने की योजना बनाई गई थी। मामला कोर्ट में पहुंचने के बाद यह प्रक्रिया रुक गई थी।
