आर्थिक संकट से जूझ रही स्पाइसजेट की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं और एयरलाइन की उड़ानों का संचालन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। मंगलवार शाम 7 बजे से मुंबई एयरपोर्ट से स्पाइसजेट की कोई भी फ्लाइट उड़ान नहीं भर सकी, जिसके चलते सैकड़ों यात्री एयरपोर्ट पर फंस गए। कई घंटे इंतजार के बाद भी यात्रियों को यह जानकारी नहीं मिल पाई कि उनकी फ्लाइट कब रवाना होगी। यात्रियों ने आरोप लगाया है कि एयरलाइन की ओर से न तो देरी की जानकारी दी जा रही थी और न ही उड़ान भरने का नया समय बताया जा रहा था। नाराज यात्रियों ने एयरलाइन के काउंटर पर हंगामा और नारेबाजी भी की। यात्री सोशल मीडिया के जरिए भी स्पाइसजेट में आई दिक्कतों की शिकायत कर रहे हैं। इस संबंध में स्पाइसजेट की ओर से अभी तक कोई बयान नहीं आया है।

इस बीच, स्पाइसजेट एयरलाइन नई पूंजी जुटाने की तैयारी कर रही है। कंपनी ने बीते शुक्रवार को बताया था कि उसका बोर्ड 18 नवंबर यानी आज फंड जुटाने के प्रस्ताव पर विचार करेगा और इसे मंजूरी दे सकता है। कंपनी प्रेफरेंशियल इश्यू, क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशंस प्लेसमेंट (QIP) या किसी अन्य अनुमत तरीके से भी पैसा जुटा सकती है।

स्पाइसजेट पिछले कुछ समय से आर्थिक और परिचालन से जुड़ी मुश्किलों का सामना कर रही है। इन चुनौतियों के चलते एयरलाइन ने अपनी कई उड़ानों में भी कटौती की है।