बॉम्बे हाई कोर्ट ने शुक्रवार को टाटा ट्रस्ट्स की उस याचिका पर तत्काल कोई राहत देने से इनकार कर दिया, जिसमें एन. चंद्रशेखरन को तीसरे पांच साल के कार्यकाल के लिए कार्यकारी चेयरमैन के तौर पर फिर से नियुक्त करने को चुनौती दी गई थी। जस्टिस अभय आहूजा की पीठ ने कहा कि टाटा संस की 30 नवंबर को होने वाली बोर्ड मीटिंग तय कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जा सकती है और उसका जो भी नतीजा निकलेगा, वह कोर्ट के अंतिम आदेश के अधीन होगा।

टाटा ट्रस्ट्स ने कोर्ट से मांग की थी कि बैठक को टाल दिया जाए या उस पर रोक लगा दी जाए। साथ ही यह भी कहा गया था कि अगर ऐसा नहीं किया जाता तो कम से कम चंद्रशेखरन कार्यकारी चेयरमैन के तौर पर अपने वोट का इस्तेमाल न करें। पीठ ने टाटा संस और मामले के अन्य प्रतिवादियों, जिनमें बोर्ड के सदस्य भी शामिल हैं, को गुरुवार को दायर किए गए दो मुकदमों पर अपना हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया। मामले की अगली सुनवाई 18 जनवरी, 2027 के लिए तय की गई है।

सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट (एसडीटीटी) और आरडी टाटा ट्रस्ट (आरडीटीटी) ने टाटा संस और उसके छह निदेशकों के खिलाफ हाई कोर्ट में मुकदमे दायर किए थे। याचिका में दावा किया गया था कि 17 सितंबर के टाटा संस के बोर्ड का वह प्रस्ताव अमान्य था, जिसके जरिये चंद्रशेखरन को फिर से नियुक्त किया गया था, क्योंकि इसे कंपनी के 'आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन' के अनुच्छेद 121 के तहत जरूरी समर्थन नहीं मिला था। एसडीटीटी ने 50 करोड़ रुपये और आरडीटीटी ने 15 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की है, जिस पर 18 प्रतिशत वार्षिक ब्याज भी मांगा गया है।

सुनवाई के दौरान ट्रस्ट्स के वकीलों ने मीटिंग को टालने की भी मांग की, जिसका टाटा संस ने विरोध किया। टाटा संस की ओर से पेश वरिष्ठ वकील हरीश साल्वे ने कहा कि बोर्ड मीटिंग करना जरूरी है, क्योंकि आरबीआइ से निर्देश मिला है, जिसमें 12 दिसंबर की समय-सीमा दी गई है और इसके भीतर टाटा संस को अनिवार्य लिस्टिंग का पालन करने के अपने फैसले के बारे में केंद्रीय बैंक को सूचित करना है। उन्होंने कहा कि मीटिंग में पास होने वाला कोई भी प्रस्ताव हाई कोर्ट के आदेशों के अधीन होगा। वहीं, एसडीटीटी की ओर से पेश वरिष्ठ वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि आरबीआइ का यह निर्देश महज एक चाल है, जिसका इस्तेमाल टाटा संस मीटिंग बुलाने के लिए बनावटी जल्दबाजी दिखाने के वास्ते कर रहा है।