मुंबई। महाराष्ट्र में प्रस्तावित समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर बॉम्बे पारसी पंचायत (बीपीपी) ने कुछ प्रावधानों में समुदाय के लिए छूट की मांग की है। मुंबई में पारसी और ईरानी जोरोस्ट्रियन समुदाय का प्रतिनिधित्व करने वाली इस संस्था ने रिटायर्ड जस्टिस रंजना देसाई की अध्यक्षता वाली ड्राफ्टिंग कमेटी को पत्र लिखकर यह स्पष्ट किया है कि वह यूसीसी के खिलाफ नहीं है, बल्कि गोद लेने, लिव-इन रिलेशनशिप को मान्यता देने और पारंपरिक विवाह समारोहों के नियमों में अपवाद चाहती है।
पंचायत का मुख्य जोर इस बात पर है कि केवल पारसी बच्चों को ही पारसी परिवारों द्वारा गोद लेने की अनुमति दी जाए और अन्य समुदायों के बच्चों को गोद लेने पर रोक बनी रहे। मामले से जुड़े एक पदाधिकारी के अनुसार, पारसी समुदाय के लिए गोद लेने का कानूनी पहलू अन्य समुदायों से काफी अलग है। हिंदू, बौद्ध, जैन और सिख समुदाय 'हिंदू दत्तक ग्रहण और भरण-पोषण अधिनियम, 1956' के दायरे में आते हैं, जबकि पारसियों के पास बच्चे को पूर्ण कानूनी रूप से गोद लेने के लिए कोई अलग व्यक्तिगत कानून मौजूद नहीं है।
पंचायत के एक पदाधिकारी ने कहा कि समुदाय यूसीसी से सहमत है, सिवाय कुछ बिंदुओं के जहां छूट मांगी गई है। उन्होंने कहा कि यह अफवाहें फैलाई जा रही हैं कि समुदाय यूसीसी के पक्ष में नहीं है या इसका विरोध कर रहा है, जो सच नहीं है। पंचायत ने सरकार से केवल पारसियों के लिए कुछ अपवादों की मांग की है।
