देहरादून के जनजातीय क्षेत्र जौनसार बावर में इस बार 26 साल बाद बूढ़ी दिवाली का परंपरागत उत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। शिलगांव खत के ऐठान गांव में यह आयोजन 6 से 10 दिसंबर तक चलेगा। स्थानीय लोगों के अनुसार, शिरगुल महाराज की प्रवास यात्रा के बाद गांव में देवता के विराजमान होने की खुशी में समस्त खतवासी ढाई दशक बाद यह उत्सव मना रहे हैं। खेती-बाड़ी का काम निपटने के बाद मनाए जाने वाले इस लोक उत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं।
जौनसार बावर की 30 खतों से जुड़े करीब दो सौ गांवों में परंपरागत बूढ़ी दिवाली मनाई जाती है। इनमें शिलगांव, विशायल, बाना, अठगांव, समाल्टा, मंजियारना-उदपाल्टा, कोरु, उपलगांव, कोटा-तपलाड़, बोंदूर, बणगांव, लखवाड़, बहलाड़, बमटाड, सिली गोथान, पंजगांव, सिलगांव, शैली और मोहना आदि शामिल हैं। क्षेत्र के लोग देशभर में दीपावली के ठीक एक माह बाद पहाड़ी संस्कृति के अनुरूप यह उत्सव मनाते हैं। इससे पहले नौ खतों से जुड़े सौ से अधिक गांवों में नई दिवाली मनाई जा चुकी है। स्थानीय लोग इसे प्रदूषण रहित इको फ्रेंडली दिवाली कहते हैं।
उत्सव के पहले दिन लोग ढोल-बाजे के साथ छोटी दिवाली मनाते हैं। औंसा की रात बड़ी दिवाली में आसपास के कई गांवों के लोग सामूहिक रूप से मशालें लेकर होलियात निकालते हैं। पुरुष और महिलाएं अलग-अलग टोलियों में हारुल एवं तांदी नृत्य के जरिए देवता की स्तुति करते हैं। उत्सव में पहले दिन नैंदरी होलियात, दूसरे दिन बड़ी होलियात, तीसरे दिन बिरुड़ी और चौथे दिन जंदोई मेले में काठ का हाथी व हिरण नृत्य के साथ बूढ़ी दिवाली का समापन होगा।
बोंदूर खत के सदर स्याणा रजनेश पंवार, कोटा तपलाड़ के खत स्याणा विजयपाल तोमर, जोगियो के स्याणा संदीप चौहान, शिलगांव खत के स्याणा महेंद्र सिंह चौहान, लखवाड़ के पूर्व अध्यक्ष जितेंद्र चौहान, केएस चौहान, रंगकर्मी नंदलाल भारती और लायकराम शर्मा समेत अन्य लोगों ने कहा कि सांस्कृतिक रूप से समृद्ध जौनसार बावर में बूढ़ी दिवाली का विशेष महत्व है। संयुक्त परिवार की परंपरा से जुड़े लोग इस उत्सव को मनाने के लिए छुट्टी पर अपने पैतृक गांव आते हैं। इस आयोजन से नई पीढ़ी को पुरातन संस्कृति को जानने और समझने का अवसर मिलता है।
